विदेश

बांग्लादेश विमान हादसे में 27 की मौत, देशभर में शोक दिवस घोषित

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में सोमवार को हुआ भयावह विमान हादसा अब देश में गहरे शोक का कारण बन गया है। वायुसेना का एक एफ-7 प्रशिक्षण विमान उत्तरा क्षेत्र के दियाबारी इलाके में स्थित माइलस्टोन स्कूल एंड कॉलेज की इमारत पर आ गिरा। हादसे में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 25 मासूम बच्चे शामिल हैं। करीब 170 लोग घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। विमान के गिरते ही उसमें आग लग गई, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। चश्मदीदों ने बताया कि विमान गिरने से स्कूल भवन के आसपास भयानक धमाका हुआ और तुरंत धुआं फैल गया।

ढाका के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी (NIBPS) के अनुसार, कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पतालों के गलियारों में परिजन रोते-बिलखते अपनों की तलाश में भटकते देखे गए। स्कूल के एक शिक्षक ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद दर्जनों एंबुलेंस से बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन घायलों की संख्या इतनी अधिक थी कि कई अस्पतालों में बेड और इलाज की व्यवस्था भी नाकाफी साबित हुई।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने इस त्रासदी को देखते हुए मंगलवार, 23 जुलाई को राजकीय शोक दिवस घोषित किया है। देशभर के सरकारी, अर्ध-सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। साथ ही सभी धार्मिक स्थलों पर मृतकों और घायलों के लिए विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की जाएंगी। घटना के कारणों की जांच के लिए बांग्लादेश वायुसेना ने एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि विमान के पायलट हुसैन ने आखिरी वक्त तक कोशिश की कि वह विमान को खाली इलाके में उतारें, लेकिन सफल नहीं हो सके।

वायुसेना के हेलीकॉप्टरों और एंबुलेंस के ज़रिए घायलों को तुरंत संयुक्त सैन्य अस्पताल (CMH) और आसपास के अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया। माइलस्टोन स्कूल की 11वीं की छात्रा संजीदा अख्तर स्मृति ने बताया, “विमान स्कूल की इमारत से सिर्फ पांच फीट ऊपर था। अगर ये सीधे स्कूल पर गिरता, तो हजारों बच्चे मारे जाते। मैंने 10-12 क्षत-विक्षत शव देखे। आखिर इतने घनी आबादी वाले इलाके में इतना पुराना विमान क्यों उड़ाया जा रहा था?”

गौरतलब है कि यह एफ-7 प्रशिक्षण विमान 1966 में चीन से खरीदा गया था। अब सवाल उठने लगे हैं कि क्या इतने पुराने विमानों से प्रशिक्षण देना उचित है, खासकर ऐसे इलाके में जहाँ हजारों लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button