बेंगलुरु के तीन होटलों को ईमेल के जरिए मिली बम की धमकी, मचा हड़कंप

नई दिल्ली: गुरुवार को बेंगलुरु में उस वक्त तनाव फैल गया जब तीन होटलों को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने तत्काल प्रतिक्रिया दी. जिन होटलों को निशाना बनाया गया उनमें आलीशान पांच सितारा ओटेर्रा होटल भी शामिल था.
साउथ ईस्ट बेंगलुरु के डीसीपी का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आई और तीनों होटलों में बम स्क्वॉड के साथ टीम भेजी गई. फिलहाल टीम मौके पर है और जांच कर रही है. आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इससे एक दिन पहले नॉर्थ ब्लॉक स्थित गृह मंत्रालय को भी बम की धमकी भरा ईमेल मिला था. हालांकि बाद में यह अफवाह निकली.
हालिया धमकियां बेंगलुरु शहरी जिले के एक निजी स्कूल में इसी तरह की घटना के महज सात हफ्ते बाद आई हैं. उस घटना में, हुलिमंगला में ट्रेमिस स्कूल के प्रिंसिपल को एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें दावा किया गया था कि डेस्क और बेंच के नीचे विस्फोटक लगाए गए थे.





