पन्ना: जेके सीमेंट प्लांट में बड़ा हादसा, 2 मजदूरों की मौत, 50 से ज्यादा घायल

पन्ना: जेके सीमेंट प्लांट में बड़ा हादसा, 2 मजदूरों की मौत, 50 से ज्यादा घायल
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले स्थित जेके सीमेंट प्लांट में आज, 30 जनवरी को एक गंभीर हादसा हुआ। निर्माणाधीन हिस्से में छत की स्लैब डाले जाने के दौरान सेंटरिंग गिर गई, जिसके कारण दो मजदूरों की मौत हो गई और 50 से अधिक मजदूर घायल हो गए।
घटना के बाद, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सुरक्षा कारणों से फैक्ट्री के अंदर प्रवेश को पूरी तरह से रोक दिया गया है। मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी है।
कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कहा, “पन्ना के जेके सीमेंट प्लांट में स्लैब गिरने से हुई घटना में कई लोगों के मरने की सूचना अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “सरकार को इस घटना के सही आंकड़े प्राप्त करने चाहिए और इस घटना की जांच कर जिम्मेदारों का पता लगाना चाहिए। साथ ही, मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा भी प्रदान किया जाना चाहिए।”
गौरतलब है कि इस घटना के बाद प्रशासन और बचाव दल मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने में जुटे हुए हैं।





