Hindi Newsportal

गुजरात: ‘कांग्रेस’ और ‘राहुल गांधी’ पर बरसे पीएम मोदी, कहा- “शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला”

0 502

गुजरात: ‘कांग्रेस’ और ‘राहुल गांधी’ पर बरसे पीएम मोदी, कहा- “शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला”

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी प्रचार यात्रा आज गुरुवार को गुजरात पहुंची है। यहाँ पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि “संयोग देखिए, आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है। और कांग्रेस तो पाकिस्तान की मुरीद है ही। पाकिस्तान और कांग्रेस की ये पार्टनरशिप अब पूरी तरह एक्सपोज हो गई है।”

 

 

पीएम मोदी ने कहा कि  “देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है और देश ने 10 साल भाजपा का सेवा काल भी देखा है। वो शासन काल था ये सेवा काल है। कांग्रेस के 60 साल के शासन में करीब 60% ग्रामीण आबादी के पास शौचालय नहीं था। 60 साल बाद 10 साल में भाजपा सरकार ने शत प्रतिशत शौचालय बना दिए। 60 साल में कांग्रेस देश में सिर्फ 3 करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल की सुविधा पहुंचा पाई यानी 20% भी नहीं, 10 साल में नल से जल पहुंचने वाले घरों की संख्या 14 करोड़ घर हो गई है, यानी 75% घरों में नल से जल पहुंचा है।”

उन्होंने कहा कि, “60 साल में कांग्रेस ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, बैंकों पर कब्जा कर लिया और ये कहा कि बैंक गरीबों के लिए होने चाहिए। बैंकों का राष्ट्रीयकरण गरीबों के नाम पर करने के बावजूद भी कांग्रेस सरकार 60 साल में करोड़ों गरीबों के बैंक खाते नहीं खोल पाई। मोदी ने 10 साल में 50 करोड़ से ज्यादा जनधन बैंक खाते खोले।”

पीएम मोदी ने कहा, “2014 में जब आपने अपने इस बेटे को गुजरात से दिल्ली भेजकर देश की सेवा करने का आदेश दिया, उस समय देश के प्रधानमंत्री बड़े विद्वान अर्थशास्त्री थे। जब उन्होंने छोड़ा था, तब देश दुनिया में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था। 10 साल में इस गुजराती ने, चाय वाले ने देश की इकोनॉमी को 5वें नंबर पर पहुंचा दिया।”

वह बोले कि “कांग्रेस के कारण दशकों तक देश के संविधान के साथ भांति-भांति के खिलवाड़ हुए। सरदार साहब बहुत जल्दी चले गए, उसके कारण देश को बहुत नुकसान हुआ है। मेरे मन में है कि मैं सरदार साहब के सपने भी पूरे करने की कोशिश करूं…कांग्रेस के शहजादे आजकल माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस मुझे जवाब दे कि जिस संविधान को आज माथे पर रखकर नाच रहे हो, क्यों 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर ये संविधान लागू नहीं होता था। मोदी के आने से पहले इस देश में 2 संविधान, 2 झंडे थे, 2 प्रधानमंत्री थे। शहजादे की पार्टी कांग्रेस ने, इनके परिजनों ने देश में संविधान लागू नहीं होने दिया था। कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था। धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी। सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को श्रद्धांजलि दी।”