Hindi Newsportal

आज होगा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान, देश भर में बनाए गए 65 से अधिक मतदान केंद्र

0 213

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव आज, देश भर में बनाए गए 65 से अधिक मतदान केंद्र

 

आज सोमवार यानी 17 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान होना है। मतदान सुबह 10 बजे से शुरू होगा और शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके बाद बुधवार को इस चुनाव की मतगणना होगी। इस चुनाव में वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर आमने-सामने रहेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस में 24 साल बाद कोई पार्टी अध्यक्ष गांधी परिवार के बाहर का कोई बनेगा।

 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक कांग्रेस में अध्यक्ष पद का चुनाव 22 वर्षों बाद होने जा रहा है। यह चुनाव पार्टी की स्थापना के 137 साल के इतिहास में छठी बार हो रहा है। बता दें कि प्रदेश कांग्रेस समितियों के 9,000 से अधिक प्रतिनिधि गुप्त मतदान के जरिये पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। यहां पार्टी मुख्यालय में और देशभर में 65 से अधिक केंद्रों पर मतदान होगा। बताया जा रहा है की कांग्रेस की मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी मुख्यालय स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करेंगी। वहीं, भारत जोड़ो यात्रा पर निकले राहुल गांधी कर्नाटक के बेल्लारी स्थित संगनाकल्लु में यात्रा कैंप में बनाए गए मतदान केंद्र पर मतदान करेंगे।