अब E20 ईंधन से चलेंगी गाड़ियां, जानें क्या है E20 पेट्रोल ? किसानों को भी होगा फायदा

नई दिल्ली: देश का तेल आयात कम करने के साथ ही प्रदूषण पर भी लगाम लगाने के लिए भारत सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए ग्रीन एनर्जी पर जोर देते हुए देश में E20 पेट्रोल लॉन्च किया है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ परिवहन की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए बेंगलुरु में E20 ईंधन लॉन्च किया, जो कि 20% इथेनॉल के साथ आने वाला मिक्स पेट्रोल है.
भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री बढ़ रही है, लेकिन ज्यादातर लोग उन्हें वहन नहीं कर सकते. नतीजतन, E20 या फ्लेक्स फ्यूल वाहन प्रदूषण को कम करने के लिए एक बढ़िया विकल्प माना जा रहा है.
इथेनॉल बायोमास से बनाया जाता है. ज्यादातर इथेनॉल मक्के और गन्ने से तैयार किया जाता है. भारत में गन्ना और मक्के की खेती बड़े पैमाने पर होती है. ऐसे में देश में एथेनॉल का उत्पादन तेजी से बढ़ाया जा सकता है.
क्या है E20 पेट्रोल ?
E20 पेट्रोल में E का मतलब है इथेनॉल. जैसा कि हम सब जानते हैं कि अभी हम जो पेट्रोल इस्तेमाल कर रहे है उसमे इथेनॉल मिला होता है पर इसकी मात्रा बेहद कम होती है. लेकिन अब ई20 को लॉन्च करने के बाद पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा 20 फीसदी हो जाएगी. फिलहाल देश में मिलने वाले पेट्रोल में 10 फीसदी तक इथेनॉल होता है.
भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर कच्चा तेल आयात करता है जिससे पेट्रोल और डीजल बनाए जाते हैं. ऐसे में पेट्रोल में 20 फीसदी तक एथेनॉल मिलाने से तेल के आयात में कुछ कमी आएगी और देश को आयात के लिए कम पैसे खर्च करने होंगे.
बता दें कि कंपनियों ने अपनी गाड़ियों ने E20 पेट्रोल के मद्देनजर बदलाव किए है. 1 अप्रैल 2023 के बाद से सभी गाड़ियां E20 पेट्रोल बेस्ड इंजन के साथ मार्केट में उपलब्ध हैं.
E20 पेट्रोल से किसानों को भी होगा फायदा
E20 पेट्रोल में एथेनॉल मिलाया जा रहा है. एथेनॉल का उत्पादन फसलों से होता है, खास तौर पर गन्ने से. ऐसे में मांग बढ़ने पर किसानों को उनकी फसलों के अच्छे दाम मिलेंगे.
बात करें E20 पेट्रोल की उपलब्धता की तो यह अभी पूरी तरह से उपलब्ध नहीं है. पेट्रोलियम कंपनियां पूरे देश में चरणबद्ध तरीके से E-20 पेट्रोल उपलब्ध कराएंगी. पहले चरण में, 11 राज्यों, दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, दमन दीव और दादरा और नगर हवेली के 15 शहरों के लगभग 84 आउटलेट पर ये पेट्रोल उपलब्ध होगा. सरकार का लक्ष्य 2025 तक पूरे देश में E20 पेट्रोल उपलब्ध कराना है.





