हरियाणा में हुई हिंसा मामले में 116 लोगों के अतिरिक्त 90 लोग पुलिस की हिरासत में, दिल्ली में भी अलर्ट जारी

गुरुग्राम: हरियाणा के कई हिस्सों में हुई हिंसा की चिंगारी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भी गिरी. मंगलवार को हुई हिंसा ने गुरुग्राम को अपने लपेटे मे ले लिया. गुरुग्राम के बादशाहपुर में भीड़ ने रेस्तरां और दुकानों में आग लगा दी. मंगलवार शाम गुरुग्राम के सेक्टर 70 में भी हिंसा की घटना हुई. सेक्टर 70 में दुकान, झुग्गियों में कुछ उपद्रवियों ने आग लगा दी.
वहीं हरियाणा में हुई हिंसा में 116 लोगों के अतिरिक्त 90 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
नूंह घटना पर हरियाणा के DGP पी.के. अग्रवाल ने कहा, हमने 116 लोगों के अतिरिक्त 90 लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ चल रही है. संलिप्तता पाए जाने पर उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी. सोहना और बादशाहपुर में कुछ आगजनी की घटना हुई है जिसमें सख्त कार्रवाई की जा रही है. दोषियों की पहचान हुई है.
उन्होंने आगे कहा, DGP पी.के. अग्रवाल ने कहा, केंद्र की तरफ से पैरामिलिट्री की 20 कंपनी आई हैं जिसमें से 14 कंपनी को नूंह में तैनात किया है और करीब 28 कंपनी राज्य पुलिस की हैं जिनको अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात किया है.
नूंह घटना पर हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा, जो भी लोग इसमें शामिल हैं हम उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करेंगे. हरियाणा परिवहन की बसों को कोई नुकसान नहीं हुआ लेकिन निजी वाहनों को नुकसान हुआ है. जब तक शांति बहाली नहीं हो जाती तब तक नूंह और उसके आस-पास बसों को रोका गया है.
वहीं दूसरी ओर आज नूंह हिंसा के खिलाफ बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के घोंडा चौक पर विरोध प्रदर्शन किया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह पुलिस बैरिकेडिंग की गई है. विश्व हिंदू परिषद ने हरियाणा के नूंह में हाल ही में हुई हिंसक झड़पों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है. बजरंग दल और VHP के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-फरीदाबाद रोड को बंद करवा दिया है. बदरपुर बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात. हालांकि, पुलिस ने दिल्ली फरीदाबाद रोड को खुलवा लिया है.
हरियाणा में हुई हिंसा को देखते हुए दिल्ली में भी अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली में कई इलाकों में पुलिस और पारामिलिट्री की तैनाती की गई है ताकि किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.





