मुंबई में हुई तेज बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, कई इलाकों में हुआ जलभराव
महाराष्ट्र में इन दिनों लगातार मानसून की तेज बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुंबई और आसपास के ठाणे व पालघर जिलों में तेज बारिश हुई। बीते गुरुवार रायगढ़ में भी भारी बारिश के चलते भूस्खलन हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई के अलावा महाराष्ट्र के रत्नागिरी और सतारा जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
#WATCH मुंबई में भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव हुआ।
(वीडियो चुनाभट्टी इलाके से है) pic.twitter.com/wvD6RUU7WE
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 21, 2023
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों तक राज्य में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आज राज्य में भारी बारिश की आशंका है।
रायगढ़, पालघर, पुणे और सतारा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कोंकण समेत मध्य महाराष्ट्र में भी भारी बारिश का अनुमान है। मुंबई के साथ ठाणे में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रत्नागिरी, कोल्हापुर, ठाणे, नासिक, यवतमाल, चंद्रपुर और गढ़चिरौली जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तरी महाराष्ट्र और विदर्भ के कुछ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के मद्देनजर प्रशासन ने नागरिकों से उचित सावधानी बरतने की अपील की है।