ताज़ा खबरें

प्रयागराज: महाकुंभ में फिर से लगी आग, 15 टेंट जलकर हुए खाक

प्रयागराज: महाकुंभ में फिर से लगी आग, 15 टेंट जलकर हुए खाक

प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। गुरुवार दोपहर छतनाग घाट नागेश्वर घाट के पास सेक्टर-22 में वैदिक टेंट सिटी में आग लग गई, जिससे करीब 15 टेंट जलकर खाक हो गए। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

अग्निशमन विभाग के चीफ फायर ऑफिसर प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। हालांकि, घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हुई क्योंकि वहां कोई उपयुक्त सड़क नहीं थी। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम के मुताबिक, यह टेंट अस्थायी रूप से लगाया गया था और अनधिकृत था। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, और श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले 19 जनवरी को गोरखपुर के गीता प्रेस शिविर में आग लगने से डेढ़ सौ से अधिक कॉटेज जलकर खाक हो गए थे। प्रशासन ने छोटे गैस सिलेंडर से रिसाव को इसकी वजह बताया था, जबकि गीता प्रेस प्रबंधन ने बाहर से आई आग को कारण माना था।

इसके अलावा, बुधवार को महाकुंभ में एक और बड़ा हादसा हुआ था, जब मौनी अमावस्या के अवसर पर भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक घायल हुए थे।

प्रशासन ने आग लगने की ताजा घटना की जांच शुरू कर दी है और टेंट में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Show More

Nupendra Singh

A rapid increase in the rate of fake news and its ill effect on society encourages me to work as a fact-checker in NewsMobile. I believe one should always check the facts before sharing any information with others. I have gained two years of experience in fact-checking
Back to top button