फैक्ट चेक: भारतीय तिरंगा पहनकर क्रिकेट स्टेडियम में पेशाब करते व्यक्ति का यह वीडियो है पुराना, जानें पूरा सच

फैक्ट चेक: भारतीय तिरंगा पहनकर क्रिकेट स्टेडियम में पेशाब करते व्यक्ति का यह वीडियो है पुराना, जानें पूरा सच
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो में एक व्यक्ति भारतीय झंडा तिरंगा के जैसे दिखने वाले कपड़े पहनकर एक क्रिकेट स्टेडियम में खुलेआम पेशाब करते हुए दिखाई दे रहा है। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर हालिया दिनों में शेयर कर इस व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।
फेसबुक पर वायरल वीडियो शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “भारतीय तिरंगे पर पेशाब करने वाले इस हिन्दू ब्यक्ति पर कोई कार्रवाई नहीं होगी!! मुसलामानों का नाम खराब इसलिए है जो 5 टाइम इस धरती को चूमता है!! ना कि इन संस्कारीयों के जैसा अपमान कर्ता है!!”

फेसबुक पर वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि कई साल पुराना है जिसे हालिया दिनों में शेयर किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता जानने के लिए हमने पड़ताल की। सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च टूल के माध्यम से खोजना शुरू किया। इस दौरान हमें Jameel Ahmed Maheen नामक व्यक्ति की ट्विटर प्रोफाइल पर वायरल वीडियो मिला जिसे जून 11, 2019 को अपलोड किया गया था।

हालांकि उपरोक्त प्राप्त पोस्ट से हमें वायरल वीडियो की कोई खास जानकारी नहीं मिली। लेकिन यह साफ़ हो गया कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि काफी पहले से ही इंटरनेट पर मौजूद है। इसी जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर एक बार फिर खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो से मेल खाता एक दूसरा वीडियो यूट्यूब पर Mahendra Dhaabi नामक यूज़र की प्रोफइल पर मिला जिसे अगस्त 29, 2018 को अपलोड किया गया था।
इसके बाद पुष्टि के लिए हमने गूगल पर और बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो वाले व्यक्ति की एक दूसरी तस्वीर Getty Image नामक वेबसाइट पर मिली। वेबसाइट पर कैप्शन के साथ दी गयी जानकारी के मुताबिक यह प्राप्त तस्वीर ICC महिला विश्व कप 2017 में भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के सेमी-फाइनल मैच के दौरान की है। हालांकि यहाँ इस बात कि पुष्टि नहीं की गयी है कि यह तस्वीर वायरल वीडियो वाले दिन की ही है।

वायरल वीडियो की पड़ताल के दौरान उपरोक्त मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं। हालांकि हम स्वंतंत्र रूप से यह पता नहीं लगा पाए कि वायरल वीडियो असल में कब का और कहाँ का है, लेकिन वायरल वीडियो साल 2019 के पहले से ही इंटरनेट पर मौजूद है।





