फैक्ट चेक: पोलैंड में भारतीय नागरिक के साथ एक साल पहले हुए दुर्व्यवहार का वीडियो हालिया दिनों का बताकर हुआ वायरल

फैक्ट चेक: पोलैंड में भारतीय नागरिक के साथ एक साल पहले हुए दुर्व्यवहार का वीडियो हालिया दिनों का बताकर हुआ वायरल
फेसबुक पर एक व्यक्ति का वीडियो वायरल है। दो लोगों की बातचीत के इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि एक भारतीय व्यत्ति को पोलैंड में अपमानित किया गया। इस वीडियो में दावा किया गया है कि एक यूरोपीय व्यक्ति भारतीय व्यक्ति को परजीवी कह रहा है और उसे देश छोड़ने को कह रहा है।
फेसबुक का पोस्ट इस प्रकार है “एक यूरोपीय नागरिक ने जब एक भारतीय को पोलैंड में देखा तो उससे पूछने लगा कि तुम पोलैंड में क्यों हो? तुमको लगता है कि तुम पोलैंड पर आक्रमण कर सकते हो? तुम अपने देश वापस जाओ तुम एक परजीवी हो…तुमलोग हमारे खिलाफ नरसंहार कर रहे हो. पोलैंड केवल पोलैंड के लोगों के लिए है, आदि आदि…ऐसा ही उत्पीड़न यहां भारत में हिंदुओं द्वारा मुसलमानों के साथ किया जाता है, जब वे एक भारतीय मुसलमानों से कहते हैं कि तुम पाकिस्तान चले जाओ, तुम यहां क्या कर रहे हो आदि आदि…अपने बनाए दवा का स्वाद हमेशा कड़वा होता है!”

फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमें पता चला कि वायरल वीडियो की घटना हालिया दिनों का नहीं बल्कि एक साल पुरानी है।
वीडियो को देखने पर यह हमें पुराना लगा। इसके बाद एक कीफ्रेम को गूगल रिवर्स सर्च टूल की मदद से खोजना शुरू किया। इसके बाद हमे यह वीडियो इंडिया टूडे के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर प्रकाशित मिला। इस वीडियो को चैनल पर सितंबर 03, 2022 को अपलोड किया गया है।
वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियो पोलैंड का है जहां एक अमेरिकी व्यक्ति ने भारतीय व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार किया। यह दुर्व्यवहार नस्लीय आधार पर किया गया था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वायरल सड़क पर चलता भारतीय नागरिक वीडियो बनने वाले शख्स से पूछता है कि उसका वीडियो क्यों बनाया जा रहा है। जवाब में, दुर्व्यवहार करने वाला उससे बार-बार पूछता है कि वह यूरोप में क्यों है। इस वीडियो में अमेरिकी व्यक्ति का चेहरा नहीं दिख रहा है लेकिन उसने भारतीय व्यक्ति को परजीवी कहा था।
पुष्टि के लिए हमने और अधिक खोज की। इस दौरान हमें यह वीडियो स्क्रॉल डॉट कॉम की वेबसाइट पर सितंबर 03, 2022 को छपे एक लेख में भी मिला। इस लेख में भी भारतीय व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार करते वीडियो में नहीं दिख रहे व्यक्ति को अमेरिकी नागरिक बताया गया है।

पड़ताल के दौरान उपरोक्त मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो में भारतीय नागरिक के साथ हुई घटना का यह वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2022 के दौरान की है, जब पोलैंड में एक भारतीय नागरिक के साथ एक दूसरे अमेरिकी व्यक्ति ने नस्लीय आधार पर दुर्व्यवहार किया था।





