नूंह समेत अन्य स्थानों पर मोबाइल इंटरनेट सेवाएं पांच अगस्त तक के लिए निलंबित

हरियाणा: नूह में भड़की हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है नतीजतन हरियाणा और आस पास के राज्यों के लोग पलायन के लिए मजबूर हो रहे हैं. ऐसे में हरियाणा सरकार ने बुधवार को कहा कि सांप्रदायिक झड़पों के मद्देनजर शांति और सार्वजनिक व्यवस्था में किसी भी गड़बड़ी को रोकने के उद्देश्य से नूंह और राज्य के कुछ अन्य स्थानों पर मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं पांच अगस्त तक निलंबित रहेंगी.
नूंह के अलावा, फरीदाबाद, पलवल और गुरुग्राम जिले के उप-मंडल सोहना, पटौदी और मानेसर क्षेत्रों में ये सेवाएं बंद रहेंगी.
हरियाणा: नूंह में हिंसक झड़प के बाद स्थानीय लोगों को अपने रोज़मर्रा के काम करने में परेशानी हो रही है. एक स्थानीय ने बताया, “यहां डर का माहौल बना हुआ है. हम सुबह जा रहे थे तो लग रहा था कि कहीं पीछे से कोई आ ना जाए. हम अपने बच्चों को भी बाहर नहीं भेज रहे हैं. मोहल्ले में सब्जी की मंडी भी नहीं लग रही है.”
मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं के निलंबन को पांच अगस्त तक बढ़ाने का आदेश अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद ने बुधवार शाम जारी किया. आदेश के अनुसार, ‘‘हरियाणा राज्य के नूंह, फरीदाबाद, पलवल जिलों के अधिकार क्षेत्र और जिला गुरुग्राम के उपमंडल सोहना, पटौदी और मानेसर क्षेत्रों में शांति और सार्वजनिक व्यवस्था संबंधी किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए इस आदेश की अवधि में विस्तार किया गया है और यह पांच अगस्त, 2023 (रात्रि 11 बजकर 59 मिनट) तक लागू रहेगा.”





