चंपई सोरेन होंगे झारखंड के नए मुख्यमंत्री

नई दिल्ली : चंपई सोरेन झारखंड के नए मुख्यमंत्री होगे. झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और कांग्रेस के विधायक राजभवन पहुंच गए हैं. देर शाम को सत्ताधारी गठबंधन के सभी विधायक रांची में राजभवन पहुंचे.
झारखंड सरकार में मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा, “विधायक दल के रूप में चंपई सोरेन को हमने चुन लिया है, राज्यपाल से निवेदन है कि उन्हें शपथ दिलाएं.”
बता दें कि मौजूदा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किए जाने की संभावना है. इसी बीच नए मुख्यमंत्री का नाम सामने आया है.
ईडी ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सीएम सोरेन से आज पूछताछ की है. हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए राजभवन पहुंच गए हैं. इसी बीच सत्ता पक्ष के विधायक भी रांची में राजभवन पहुंच गए हैं. चंपई सोरेन राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे. चंपई सोरेन के पास 41 से ज्यादा विधायकों का समर्थन है. 80 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 41 है.





