कावेरी नदी विवाद को लेकर चल रहे कर्नाटक बंद के चलते 44 उड़ानें प्रभावित

कावेरी नदी विवाद को लेकर चल रहे कर्नाटक बंद के चलते 44 उड़ानें प्रभावित
तमिलनाडु से कावेरी नदी का पानी छोड़े जाने के विरोध में राज्य भर में कन्नड़ समर्थक समूहों के नेतृत्व में कर्नाटक बंद का आवाह्न किया गया है। जिसके कारण बेंगलुरु सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापक विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी हुई। ऐसे में कैब और ऑटो सेवाएं निलंबित कर दी गईं।
कावेरी जल बंटवारा विवाद को लेकर राज्य में चल रही बंदी के चलते शुक्रवार को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से 22 आने वाली और 22 जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी गईं। हवाईअड्डे के अधिकारी ने यात्रियों को परिचालन संबंधी समस्याओं के बारे में बताते हुए उड़ानों के रद्द होने की जानकारी दी।
डीसीपी सेंट्रल डिवीजन शेखर की रिपोर्ट के अनुसार, बेंगलुरु पुलिस ने कन्नड़ समर्थक संगठनों के 200 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है, जिनमें हवाई अड्डे के पास और अट्टीबेले के पास कर्नाटक-तमिलनाडु सीमा पर मौजूद लोग भी शामिल हैं।
परिवहन सेवाएँ, होटल और अन्य सुविधाएँ राज्यव्यापी पैमाने पर बंद हो गई हैं। राज्य की राजधानी बेंगलुरु सहित विभिन्न क्षेत्रों में नियोजित विरोध रैलियां होने वाली हैं। वहीं बेंगलुरु और मांड्या जिलों में शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया जबकि शहर में शनिवार रात 12 बजे तक धारा 144 लागू कर दी गई है।
पुलिस ने पूरे राज्य में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। दुकानें, मॉल और विभिन्न प्रतिष्ठान सहित व्यावसायिक गतिविधियाँ बंद कर दी हैं। ऑटो और टैक्सी सेवाओं के निलंबन के साथ-साथ होटल, रेस्तरां और मूवी थिएटरों का संचालन बंद हो गया है।
कन्नड़ समर्थक संगठनों द्वारा राजमार्गों और टोल गेटों को अवरुद्ध कर दिया गया है। नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों के एक समूह को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया।प्रभावित





