ताज़ा खबरेंराजनीति

ओम बिरला को 18वीं लोकसभा का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाईयों का लगा ताता, पीएम मोदी और विपक्ष के नेता समेत सभी ने दी बधाई

नई दिल्ली: राजस्थान की कोटा सीट से भाजपा सांसद ओम बिरला को 18वीं लोकसभा का स्पीकर चुना गया है. प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब ने ध्वनि मत से उन्हें विजयी घोषित किया गया. जिसका राजनाथ सिंह और ललन सिंह ने समर्थन किया. इससे पहले पीएम मोदी ने ही उनके नाम का प्रस्ताव रखा था. बुधवार को लोकसभा स्पीकर पद के लिए चुनाव का गवाह बन रही है जो 1976 के बाद इस तरह का पहला मौका है.

 

18वीं लोकसभा के अध्यक्ष चुने जाने के बाद भाजपा सांसद ओम बिरला लोकसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठे. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू भी उनके साथ आसन तक पहुंचे.

 

सदन में अध्यक्ष चुने जाने के बाद पीएम मोदी ने ओम बिरला को बधाई दी. पीएम ने सदन में कहा, “यह सदन का सौभाग्य है कि आप दूसरी बार इस आसन पर विराजमान हो रहे हैं…आपको मेरी और इस पूरे सदन की तरफ से बहुत शुभकामनाएं…अमृतकाल के इस महत्वपूर्ण कालखंड में दूसरी बार इस पद पर विराजमान होना बहुत बड़ा दायित्व आपको मिला है…हम सबका विश्वास है कि आप आने वाले 5 साल हम सबका मार्गदर्शन करेंगे…”

 

वहीं विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी ओम बिरला को बधाई देते हुए कहा, “मैं आपको दूसरी बार चुने जाने के लिए बधाई देना चाहता हूं. मैं आपको पूरे विपक्ष और INDIA गठबंधन की तरफ से बधाई देना चाहता हूं. यह सदन भारत के लोगों की आवाज़ का प्रतिनिधित्व करता है और आप उस आवाज़ के अंतिम निर्णायक हैं. सरकार के पास राजनीतिक शक्ति है लेकिन विपक्ष भी भारत के लोगों की आवाज़ का प्रतिनिधित्व करता है और इस बार विपक्ष ने पिछली बार की तुलना में भारतीय लोगों की आवाज़ का अधिक प्रतिनिधित्व किया है. विपक्ष आपके काम करने में आपकी सहायता करना चाहेगा. हम चाहते हैं कि सदन अक्सर और अच्छी तरह से चले. यह बहुत महत्वपूर्ण है कि विश्वास के आधार पर सहयोग हो. यह बहुत महत्वपूर्ण है कि विपक्ष की आवाज़ को इस सदन में प्रतिनिधित्व दिया जाए.”

 

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आगे कहा,, “हमें विश्वास है कि विपक्ष को बोलने की अनुमति देकर, हमें भारत के लोगों का प्रतिनिधित्व करने की अनुमति देकर, आप भारत के संविधान की रक्षा करने का अपना कर्तव्य निभाएंगे. मैं एक बार फिर आपको और सदन के सभी सदस्यों को बधाई देना चाहता हूं जिन्होंने चुनाव जीता है.”

 

समाजवादी पार्टी सांसद और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “मैं लोकसभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बहुत बधाई देता हूं…जिस पद पर आप बैठे हैं इससे बहुत गौरवशाली परंपराएं जुड़ी हुई हैं…लोकसभा के अध्यक्ष के रूप में आप हर सासंद और हर दल को बराबरी का मौका और सम्मान देंगे. निष्पक्षता इस महान पद की महान जिम्मेदारी है…हम सबकी अपेक्षा है कि किसी भी जनप्रतिधि की आवाज ना दबाई जाए…”

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button