मौसम के रेड अलर्ट पर उत्तराखंड, भारी बारिश के चलते कई सड़के हुईं जलमग्न

देहरादून: उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश का क़हर जारी है. भारी बारिश के कारण पिछले 24 घंटो में उत्तराखंड में लोगों का जीना बहाल सा हो गया है क्योंकि इन बीते 24 घंटों में 60 से ज्यादा सड़के बंद हो गई हैं. जबकि कई सड़कें जलमग्न हो गईं हैं. इसी के साथ पहाड़ी राज्य में बारिश और कई स्थानों पर भूस्खलन से आम जनजीवन प्रभावित रहा जबकि बद्रीनाथ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख सड़कें अवरुद्ध हो गईं.
रुद्रप्रयाग पुलिस ने ट्वीट किया, “लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रुद्रप्रयाग गौरीकुण्ड NH 107 स्थान डोलिया देवी(फाटा) क्षेत्रान्तर्गत बाधित है. मार्ग खोले जाने के प्रयास जारी हैं. संपूर्ण रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश हो रही है. अति आवश्यक होने पर ही सफर करें.”
मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस दौरान नदी-नालों के आसपास जाने से बचने. उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि अगर बहुत जरूरी हो तभी यात्रा करें, अन्यथा सुरक्षित स्थान पर ही रहें, ताकि जान-माल का नुकसान ना हो.
मौसम विभाग ने 5 और 6 जुलाई के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का ‘रेड अल’र्ट जारी किया है. कुमाऊं के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है.
उत्तराखंड में राज्य आपात अभियान केंद्र ने बताया कि भूस्खलन के कारण 88 ग्रामीण सड़कें, दो सीमा सड़कें, एक राज्य राजमार्ग और बदरीनाथ मंदिर की ओर जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है.





