मुंबई के जोगेश्वरी-ओशिवारा क्षेत्र के स्कूल को बम धमकी, जांच में जुटी पुलिस
मुंबई के जोगेश्वरी-ओशिवारा इलाके के एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और स्कूल परिसर की तत्काल जांच शुरू कर दी गई। मुंबई पुलिस ने स्थानीय कानून प्रवर्तन और विस्फोटक निरोधक टीम को मौके पर भेजा। अब तक किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला पाया हैं।
सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया कि स्कूल में बम “अफजल गैंग” ने लगाया है। इस ईमेल के सामने आने के बाद छोटे बच्चों की कक्षाओं रद्द कर दी गई हैं, जबकि जांच एजेंसियां परिसर के हर कोने की गहन पड़ताल कर रही हैं।
यह पहली बार नहीं है जब मुंबई या अन्य क्षेत्रों में बम धमकी की घटनाएं सामने आई हैं। दिसंबर 2024 में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को भी रूसी भाषा में धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसमें मुंबई कार्यालय को उड़ाने की बात कही गई थी। इससे पहले नवंबर 2024 में मुंबई एयरपोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, हालांकि जांच के बाद यह अफवाह साबित हुई।
दिल्ली में भी बीते महीने कई स्कूलों को बम धमकी ईमेल के जरिए मिली है। इनमें से छह स्कूलों को तत्काल खाली कराकर जांच की गई थी, परंतु किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री नहीं पाई गई।
मुंबई पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। धमकी भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर क्राइम टीम को सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और जनता से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की गई है।
बढ़ती धमकियों के बीच स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।





