भिवंडी हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 8, बचाव कार्य जारी

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी इलाके में शनिवार दोपहर तीन मंजिला इमारत गिरने से कई लोग मलबे में दब गए. राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के एक आधिकारिक बयान में कहा कि भिवंडी हादसे में मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर आठ हो गई है.
एनडीआरएफ के अधिकारियों ने आगे बताया कि चार टीमें घटना स्थल पर काम कर रही हैं. रविवार को एनडीआरएफ कमांडर दीपक तिवारी ने बताया कि ऑपरेशन में कुल 10 लोगों को बचाया गया है.
उन्होंने कहा, “अब तक 10 लोगों को बचाया गया है. जिसमें एक बच्ची को डॉग स्क्वायड ने बचाया था. उन्होंने आगे कहा, हमारे डॉग बहुत अच्छी तरह से काम कर रहे हैं और कैनाइन खोज करते हैं.”
रविवार को ठाणे पुलिस ने कहा कि इस संबंध में बिल्डर इंद्रपाल पाटिल को हिरासत में लिया गया है और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.





