पश्चिम बंगाल: चुनाव के दौरान कई स्थानों पर हिंसा, तालाब में फेंकी गयी EVM

पश्चिम बंगाल: चुनाव के दौरान कई स्थानों पर हिंसा, तालाब में फेंकी गयी EVM
लोकसभा चुनावों के अंतिम और सातवें चरण के मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर हिंसा होने की खबरें सामने आ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोलकाता के पास जादवपुर निर्वाचन क्षेत्र के भांगर के सतुलिया इलाके में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (ISF) और CPI(M) समर्थकों के बीच झड़प होने की खबर मिली है। इस दौरान ISF के कई सदस्य घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हमले में देसी बमों का इस्तेमाल किया गया। दक्षिण 24 परगना जिले के कुलतली में गुस्साई भीड़ ने मतदान केंद्रों में जबरन घुसकर एक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को जब्त कर लिया और उसे पास के तालाब में फेंक दिया। इस हमले का आरोप तृणमूल समर्थकों पर लगाया जा रहा है। फिलहाल स्थिति से निपटने के लिए पोलेरहाट थाने के पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं।
EVM को तालाब में फेंकने का मामला तब हुआ जब कुछ मतदान एजेंटों को कथित तौर पर मतदान केंद्रों में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जिसके बाद स्थानीय निवासियों ने वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) से लैस ईवीएम को जब्त कर लिया और उसे फेंक दिया।
वहीं पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एक बयान में कहा, “आज सुबह 6.40 बजे 19-जयनगर (एससी) विधानसभा क्षेत्र के 129-कुलतली विधानसभा क्षेत्र के बेनीमाधवपुर एफपी स्कूल के पास सेक्टर अधिकारी के रिजर्व ईवीएम और कागजात स्थानीय भीड़ द्वारा लूट लिए गए और 1 सीयू, 1 बीयू, 2 वीवीपीएटी मशीनों को तालाब में फेंक दिया गया.”
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में शनिवार को सात राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाराणसी सीट भी शामिल है। जिन सीटों पर आज वोटिंग हो रही है, उसमें पंजाब और यूपी की 13-13 सीटें, पश्चिम बंगाल की 9 सीटें, बिहार की 8 सीटें, ओडिशा की 6 सीटें, हिमाचल प्रदेश की 4 सीटें, झारखंड की 3 सीट और एक चंडीगढ़ सीट शामिल है।





