नासिक बस हादसे में 11 लोगों की मौत, 38 लोग झुलसे

नासिक: शनिवार सुबह नासिक से एक दर्दनाक घटना सामने आई जहां बस में आग लगने से करीब 11 लोगों की मौत हो गई और 38 लोगों के घायल होने की खबर है.
महाराष्ट्र के नासिक में शनिवार सुबह एक बस हादसे ने 11 लोगों की जान ले ली साथ ही इस दर्दनाक हादसे में 38 लोग घायल हो गए. यह हादसा नासिक के औरंगाबाद रोड पर डीजल ले जा रहे एक ट्रेलर ट्रक से टकराने के बाद हुआ जहां टक्कर के बाद बस में आग लग गई.
दर्दनाक घटना के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, नासिक में बस में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु होने के समाचार से मुझे बहुत दुःख हुआ है. इस दुर्घटना में, अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं. मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.
नासिक में बस में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु होने के समाचार से मुझे बहुत दुःख हुआ है। इस दुर्घटना में, अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) October 8, 2022
वहीं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर अपना दुख व्यक्त किया साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नासिक बस हादसे में प्रत्येक मृतक के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की.
पुलिस आयुक्त जयंत नाईकनवरे ने बताया कि, आज सुबह 5:15 के करीब एक बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई. टक्कर के कारण आग लग गई और उस आग में अभी तक 11 लोगों की मृत्यु हो गई है. घायलों का इलाज चल रहा है.
नासिक के पुलिस उपायुक्त अमोल तांबे ने कहा, “मरने वालों में ज्यादातर बस के स्लीपर कोच यात्री थे . घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.” उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.





