नासिक आर्टिलरी स्कूल में बड़ा हादसा, आर्टिलरी लोड करते वक्त हुआ धमाका, दो अग्निवीर शहीद

नासिक आर्टिलरी स्कूल में बड़ा हादसा, आर्टिलरी लोड करते वक्त हुआ धमाका, दो अग्निवीर शहीद
महाराष्ट्र के नासिक के आर्टिलरी सेंटर बड़ा हादसा हो गया। यहाँ फायरिंग प्रैक्टिस के दौरान दो अग्निवीर शहीद हो गए। गौरतलब है कि गुरुवार को फायरिंग की प्रैक्टिस चल रही थी कि इसी दौरान तोप में गोला लोड करते वक्त धमाका हो गया। इस घटना में दो अग्निवीरों को गंभीर चोट आई थी। जिसके बाद उन्हें एमएच अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने दोनों की मृत घोषित कर दिया। अग्निवीर गोहिल विश्वराज सिंह (20) और सैफत शित (21) की मौत हो गई।
यह हादसा उस वक्त पर हुआ जब अग्निवीरों की एक टीम भारतीय फील्ड गन से फायरिंग कर रही थी। तभी एक गोला फट गया। अधिकारी ने बताया कि दोनों घायल हो गए और उन्हें देवलाली के एमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि हवलदार अजीत कुमार की शिकायत के आधार पर देवलाली कैंप पुलिस में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
इस घटना पर NCP नेता सुप्रिया सुले ने x पर लिखा- ये घटना बेहद दुखद है। इन दोनों जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि। रक्षा मंत्रालय को इन दोनों जवानों को शहीद का दर्जा देना चाहिए। साथ ही उनके परिवारों को मुआवजा भी दें।
बता दें कि फायरिंग अभ्यास में गोला फटने के बाद शहीद हुए दोनों अग्निवीरों के शवों को परिवार को सौंपा जाएगा। इन अग्निवीरों के परिवारों को क्या सुविधाएं और उन्हें क्या दर्जा मिलेगा? इसको लेकर अभी कोई अधिकृत बयान सामने नहीं आया है। भारत सरकार ने 2022 में अग्निपथ योजना शुरू की थी, जिसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने का अवसर प्रदान करना है। इस योजना के तहत चुने गए युवाओं को अग्निवीर कहा जाता है।





