टी 20 वर्ल्ड कप में भारत ने जीता पांचवा मैच, बांग्लादेश को 50 रनों से दी मात

टी 20 वर्ल्ड कप में भारत ने जीता पांचवा मैच, बांग्लादेश को 50 रनों से दी मात
भारतीय टीम ने बीते दिन बांग्लादेश के खिलाफ खेल गए मैच में शानदार जीत दर्ज की है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत ने पांचवां मुकाबला जीता है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 197 रनों का स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 8 विकेट गंवाकर 146 रन पर ही ढेर हो गयी।
बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक रन कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (32 गेंदों में 40, एक चौका, तीन सिक्स) ने बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने सधा आगाज किया। ओपनर तंजीद हसन (31 गेंदों में 29, चार चौके) और लिटन दास (10 गेंदों में 13) ने 35 रन की पार्टनरशिप की। हार्दिक ने पांचवें ओवर में लिटन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। तंजीद दसवें ओवर में कुलदीप यादव का शिकाक बने। उन्होंने शांतो के संग दूसरे विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की। कुलदीप ने तौहीद ह्रद (4) और शाकिब अल हसन (11) को सस्ते में पवेलियन की राह दिखाई। बुमराह ने 16वें ओवर में शांतो का शिकार कर बांग्लदेश की हालत खस्ता कर दी। जाकिर अली (1) का बल्ला नहीं चला। रिशाद हुसैन ने 24 और महमूदुल्लाह ने 13 रन का योगदान दिया।
वहीं भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेलने के अलावा एक विकेट भी चटकाया। स्पिनर कुलदीप यादव ने तीन जबकि जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट उड़ाए। वह प्लेयर ऑफ द मैच बने।
इस जीत से भारतीय टीम सेमीफाइनल की ओर मजबूती से कदम बढ़ा दिए हैं. भारत 4 अंक लेकर सुपर 8 स्टेज के ग्रुप ए की पॉइंट टेबल में ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ नंबर एक पर पहुंच गया है। इस विश्व कप में भारतीय टीम अभी तक अजेय है। भारत मौजूदा विश्व कप में खेले अपने सभी पांचों मैच जीते हैं. टीम इंडिया सुपर 8 के अपने तीसरे और आखिरी मैच में 24 जून को ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।




