झारखंड विधानसभा में हेमंत सोरेन की सरकार ने हासिल किया विश्वास मत

रांची. झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन की अगुवाई वाली राज्य सरकार ने आज झारखंड विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया है. झारखंड विधानसभा में हेमंत सरकार के विश्वास मत के प्रस्ताव के पक्ष में 45 वोट पड़े हैं. वहीं विपक्ष में शून्य वोट पड़ा है.
प्रस्ताव के पक्ष में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 27, कांग्रेस के 17, राष्ट्रीय जनता दल के 1 और सीपीआई एमएल के 1 वोट पड़े. वहीं फ्लोर टेस्ट के बाद झारखंड विधानसभा का विशेष सत्र अनिश्चितकालीन के लिए स्थगित कर दी गयी है.
झारखंड विधानसभा में विश्वास मत पेश करने के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि आज विश्वास प्रस्ताव लाया गया है. वहीं सदन में बीजेपी विधायकों के हंगामे पर कहा कि मुझे पुनः देखकर इनका आचरण दिख रहा है. इसकी मुझे चिंता नहीं है. इनके पास कोई सोच नहीं है. इनको जवाब देने के लिए काफी हैं. हेमंत सोरेन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने इनको चेहरा दिखा दिया है. वहीं सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि चंपाई सोरेन ने निर्भीक होकर सरकार चलाई. नहीं तो बीजेपी के लोग तो ऑपरेशन लोटस चलाते हैं. अभी ये लोग ऐसी संस्थाओं के संपर्क में है.
वहीं झारखंड में हेमंत सोरेन के विश्वास मत प्रस्ताव पेश करने से पहले नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने हेमंत सोरेन को सदन में एक बार फिर आने पर बधाई दी. इस दौरान उन्होंने कहा कि बेहतर होता की सरकार पूरी कैबिनेट के साथ सदन में बैठती. उन्होंने हेमंत सोरेन की ओर इशारा करते हुए कहा कि आपके विधायकों पर कंट्रोल नहीं है. मंत्री पद लालीपॉप की तरह है.
गौरतलब है कि, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के राजभवन में राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन द्वारा झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में एक बार फि शपथ ली. हेमंत सोरेन तीसरी बार राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं. इससे पहले उन्हें इंडिया अलायंस विधायक दल का नेता चुन लिया गया था. इस बीच राज्यपाल सीवी राधाकृष्णन ने इंडी गठबंधन के नेताओं को आमंत्रित किया.





