जन सुनवाई के दौरान हुए हमले के बाद CM रेखा गुप्ता को Z प्लस सुरक्षा: सूत्र

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद केंद्र सरकार ने उनकी सुरक्षा को बढ़ा दिया है. सूत्रों के अनुसार, सीएम रेखा गुप्ता को Z-प्लस श्रेणी की सुरक्षा में अब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की तैनाती की गई है. अब तक उनके सुरक्षा बेड़े में दिल्ली पुलिस के जवान तैनात थे.
इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अब किसी को बिना जांच पड़ताल के अंदर एंट्री नहीं दी जा रही है. सीएम हाउस में काम करने वाले दर्जनों मजदूरों को भी बाहर ही रोक दिया. अंदर केवल उन्हीं को एंट्री दी गई जिनके पास आधार कार्ड था और उनका रिकॉर्ड मौजूद था.
बता दें कि बीते दिन सीएम के आवास पर जनसुनवाई के दौरान एक 41 वर्षीय शख्स ने रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया था. जिसके बाद सुरक्षाबलों द्वारा उसे गिरफ्तार किया गया. लेकिन इस हमले से सदमें में आ गई रेखा गुप्ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सूत्रों के मुताबिक, हमलावर राजेश भाई खिमजी भाई साकरिया, गुजरात के राजकोट का रहने वाला है, जो सुप्रीम कोर्ट के आवारा कुत्तों को शेल्टर में शिफ्ट करने के आदेश से नाराज था. उसने कागजात सौंपने के बहाने सीएम के करीब पहुंचने की कोशिश की और फिर उनका हाथ पकड़कर खींचने और धक्का-मुक्की करने की कोशिश की. इस घटना में सीएम को हाथ, कंधे और सिर में मामूली चोटें आईं. दिल्ली पुलिस ने तुरंत हमलावर को हिरासत में ले लिया और उस पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





