उत्तराखंड, हिमाचल और महाराष्ट्र समेत इन राज्यों में बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
उत्तराखंड, हिमाचल और महाराष्ट्र समेत इन राज्यों में बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
देश के कई राज्यों में लगातार मानसूनी बारिश का दौर जारी है। झमाझम बारिश से कई राज्यों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गयी है। इस बीच IMD ने मौसम को लेकर कई राज्यों के लिए भविष्यवाणी की है। सोमवार को एक बार फिर मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कई राज्यों के लिए भारी वर्षा की संभावना जताई है।
IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया ऑरेंज अलर्ट:
मौसम विभाग ने मध्य कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में 1 अगस्त तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सौराष्ट्र और कच्छ समेत गुजरात के कई इलाकों में 29 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। इधर, मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में 30 से 31 जुलाई के लिए आईएमडी ने येलो अलर्ट जारी किया। वहीं, 31 जुलाई के लिए झारखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश समेत उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार पूर्वी राजस्थान में भी 28 और 29 जुलाई के बीच भारी वर्षा के आसर हैं।
उत्तराखंड में बारिश के चलते हुआ काफी नुकसान:
उत्तराखंड में बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है। भागीरथी, अलकनंदा, मंदाकिनी, पिंडर, यमुना और काली सहित राज्य की सभी बड़ी नदियां खतरें के निशान को छूकर बह रही हैं। टनकपुर तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग धारचूला से आगे दोबाट पर पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया, जिस कारण एनएच 172 टूट गया। ऋषिकेश में गंगा नदी चेतावनी स्तर पर बह रही है। गंगोत्री मंदिर में आरती स्थल तक पानी आ गया है। भयावह बारिश के कारण हरिद्वार में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं, शनिवार को अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश में भी उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत:
यूपी के कई जिलों में बीते 15 दिनों से उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। बीते 7 दिनों में कुछ जगहों पर बादलों की आवजाही दिखी है और बारिश के छींटे भी पड़े हैं, लेकिन फिर उमस भरी गर्मी और लोगों को सताने लगी है। मौसम विभाग द्वारा दिए गए नए अपडेट के मुताबिक 30 जुलाई से यूपी के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में फिलहाल 29 जुलाई यानी आज भी बारिश की भविष्यवाणी मौसम विभाग ने की है।
हिमाचल प्रदेश में भी हो रही है बारिश:
पिछले 24 घंटों के दौरान मंडी और सिरमौर जिलों में सबसे ज्यादा बरसात हुई है। शिमला में भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले छह दिन पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। तीन अगस्त तक राज्य में भारी वर्षा होने की आशंका है। मौसम विभाग ने नौ जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। सोमवार व 30 जुलाई को ‘येलो अलर्ट’ जबकि 31 जुलाई को ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। पहली से तीन अगस्त तक दोबारा ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।





