उत्तर प्रदेश: राजधानी में देर रात से हो रही है मूसलाधार बारिश, IMD ने 17 जिलों में भारी बारिश का जारी किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश: राजधानी में देर रात से हो रही है मूसलाधार बारिश, IMD ने 17 जिलों में भारी बारिश का जारी किया अलर्ट
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में देर रात से जोरदार बारिश हो रही है। शनिवार को यूपी के कई जिलों में उमस और गर्मी से बेहाल लोगों को बारिश ने राहत दी। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश के आसार हैं। IMD के मुताबिक गोरखपुर में रविवार को छिटपुट बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। देवरिया और बस्ती में भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर वर्षा होने का पूर्वानुमान है। कानपुर में तेज हवा , गरज- चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार कई जिलों में भारी बारिश हुई है। मौसम का मिजाज पूरे दिन उत्तर प्रदेश में बदला हुआ है। शनिवार को कई जिलों में हुई बारिश ने उमस से राहत दिलाई। तेज हवाओं ने कई जिलों में गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाई। रविवार को यूपी में भारी बारिश के आसार हैं।
आगरा में मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि रविवार को बूंदाबांदी हो सकती है। 20 अगस्त तक बादल छाने के साथ वर्षा हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। बरेली में रविवार को मौसम साफ होने का अनुमान है।
यूपी के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है-
गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज,सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी व आसपास के लिए भारी बरसात का अलर्ट भी जारी किया गया है।
देश में मानसून एक्टिव
मानसून सिस्टम एक बार फिर तेजी से एक्टिव हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने संभावित भारी बारिश से खतरनाक हालात पैदा होने की चेतावनी देते हुए पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे तथा लक्षद्वीप में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है। जो 12 सेमी. या उससे भी ज्यादा हो सकती है।
इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गोवा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा और कर्नाटक में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इन राज्यों में बारिश की मात्रा 7 सेमी. या उससे भी ज्यादा हो सकती है. दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी पड़ सकती है.





