अफगानिस्तान के बाद भूकंप के तेज झटकों से दहली पाकिस्तान की धरती, 11 की मौत, कई घायल
अफगानिस्तान के बाद भूकंप के तेज झटकों से दहली पाकिस्तान की धरती, 11 की मौत, कई घायल
अफगानिस्तान में भूकंप के तेज झटके महसूस किए थे। इसके बाद पाकिस्तान की धरती भी भूकंप के जोरदार झटकों से दहल उठी। यहाँ लाहौर, इस्लामाबाद, रावलपिंडी, क्वेटा, पेशावर, कोहाट समेत कई शहरों में ये झटके महसूस किए गए। बता दें कि भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान का हिंदू कुश था, जो पाकिस्तान से 180 किलोमीटर दूर था। इस भूकंप के चलते करीब 11 लोगों की मौत और 100 अन्य के घायल होने की सूचना मिली है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अफगानिस्तान में फायजाबाद से 77 किमी दक्षिण-पूर्व में 6.8 तीव्रता का भूकंप आया। पाकिस्तान के पेशावर, कोहाट और स्वाबी में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इसके अलावा लाहौर, क्वेटा और रावलपिंडी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक पाकिस्तान के गुजरांवाला, गुजरात, सियालकोट, कोट मोमिन, मध रांझा, चकवाल, कोहाट और गिलगित-बाल्टिस्तान इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
अफगानिस्तान के इस भूकंप के झटकों का असर भारत में फैले उत्तरी क्षेत्र के कई राज्यों में भी देखने को मिला। यहाँ मंगलवार देर रात देश के उत्तरी राज्यों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। हालांकि यहाँ किसी के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
गौरतलब है कि नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि अफगानिस्तान में भूकंप की तीव्रता 6.6 मापी गई। भूकंप का केंद्र फैजाबाद से 133 किमी दूर दक्षिण पूर्व में हिंदू कुश क्षेत्र में था। भूकंप का केंद्र 156 किमी गहराई में था। भूकंप के झटके अफगानिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, कजाकिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, चीन और किर्गिस्तान में भी महसूस किए गए।





