मनोरंजन

स्कूबा डाइविंग के दौरान सांसें थमीं, नहीं रहे जुबीन गर्ग

असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग का सिंगापुर में एक हादसे में निधन हो गया। 52 वर्षीय जुबीन गर्ग ‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ में परफॉर्म करने के लिए सिंगापुर गए थे। 20 और 21 सितंबर को उनका कार्यक्रम तय था। जानकारी के मुताबिक, जुबीन गर्ग स्कूबा डाइविंग कर रहे थे तभी उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई। उन्हें तुरंत समुद्र से बाहर निकालकर सीपीआर दिया गया और सिंगापुर जनरल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्होंने दोपहर करीब 2.30 बजे (भारतीय समयानुसार) दम तोड़ दिया।

‘नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ के प्रतिनिधि अनुज कुमार बोरुआह ने कहा, “बेहद दुख के साथ हम जुबीन गर्ग के निधन की खबर साझा कर रहे हैं। स्कूबा डाइविंग के दौरान उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ICU में उन्हें बचाया नहीं जा सका।” जुबीन गर्ग ने असमिया, बंगाली और हिंदी फिल्मों में सैकड़ों गाने गाए। उन्होंने ‘गैंगस्टर’ फिल्म के गाने ‘या अली’ से पूरे देश में लोकप्रियता हासिल की। इसके बाद ‘कृष 3’ का गाना ‘दिल तू ही बता’ समेत कई हिट गानों ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया। जुबीन गर्ग ने कई फिल्मों में अभिनय भी किया और निर्देशन किया। उनकी फिल्में ‘कंचनजंघा’, ‘मिशन चाइना’, ‘दिनबंधु’ और ‘मोन जाए’ सुपरहिट रहीं।

2022 में भी जुबीन गर्ग को दिब्रूगढ़ के एक रिज़ॉर्ट में गिरने से सिर पर चोट लगी थी। उस समय उन्हें एयर एम्बुलेंस से गुवाहाटी लाकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 16 सितंबर को जुबीन गर्ग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने 20 और 21 सितंबर को सिंगापुर में ‘4th नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल’ में शामिल होने और परफॉर्म करने की जानकारी दी थी।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Zubeen Garg (@zubeen.garg)


असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जुबीन गर्ग के निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा, “आज असम ने अपने सबसे चहेते बेटे को खो दिया। वह बहुत जल्दी चले गए। उनकी आवाज़ लोगों को ऊर्जा देती थी और उनके गाने दिल और दिमाग से सीधे जुड़ते थे। उन्होंने एक ऐसी जगह खाली कर दी है, जिसे कभी नहीं भरा जा सकेगा।”


असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी और लिखा, “जुबीन दा के निधन से असम ने सिर्फ एक आवाज़ नहीं, बल्कि अपनी धड़कन खो दी है।”

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button