न्यूयॉर्क मेयर की डेमोक्रेटिक प्राइमरी में ज़ोहरान ममदानी की जीत, एंड्रयू कुओमो ने मानी हार

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद की डेमोक्रेटिक प्राइमरी में ज़ोहरान ममदानी ने बड़ी जीत दर्ज की है। वहीं पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो ने हार स्वीकार करते हुए कहा, “आज की रात हमारी नहीं थी, बल्कि असेंबलीमैन ममदानी की थी। उन्होंने एक जबरदस्त अभियान चलाया और युवाओं को प्रेरित किया।” एंड्रयू कुओमो ने कहा कि उन्होंने ज़ोहरान ममदानी को फोन कर बधाई दी है। उन्होंने कहा, “उन्होंने सही मायनों में एक प्रभावशाली अभियान चलाया और इस जीत के हकदार थे।”
ज़ोहरान ममदानी जाने-माने फिल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे हैं। वह न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य हैं और एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नेता के रूप में पहचान रखते हैं। इस बार के चुनाव में उन्हें पहले पसंद (first-choice) वोटों में करीब 44% समर्थन मिला, जबकि कुओमो को लगभग 36% वोट मिले।
हालांकि यह फैसला पूरी तरह फाइनल नहीं है, क्योंकि न्यूयॉर्क में रैंक्ड चॉइस वोटिंग सिस्टम लागू है। इसमें वोटरों को अपनी पसंद के अनुसार 5 उम्मीदवारों को क्रम में चुनने का मौका मिलता है। सबसे कम वोट पाने वाले उम्मीदवारों को बाहर कर उनके वोट दूसरे विकल्पों को ट्रांसफर किए जाते हैं। यह प्रक्रिया तब तक चलती है जब तक दो उम्मीदवार बचते हैं और अंत में विजेता घोषित होता है।
अभी मेल और प्रोविजनल बैलेट्स की गिनती बाकी है, इसलिए अंतिम नतीजों में एक सप्ताह या उससे ज्यादा समय लग सकता है। लेकिन एंड्रयू कुओमो ने अपने समर्थकों से साफ कह दिया कि उनके लिए वापसी की कोशिश लगभग खत्म हो गई है। हालांकि कुओमो ने संकेत दिया है कि वह भविष्य में अपनी नई पार्टी बनाकर नवंबर में होने वाले आम चुनाव में दोबारा मैदान में उतर सकते हैं। उन्होंने कहा, “शहर कई गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है, और मैं सोचूंगा कि मैं किस तरह उनकी मदद कर सकता हूं – चाहे पार्टी के लिए हो, या शहर के लिए।”
ज़ोहरान ममदानी भारतीय मूल के पहले दक्षिण एशियाई पुरुष हैं जो न्यूयॉर्क स्टेट असेंबली के सदस्य बने। वह युगांडा में जन्मे थे और अब न्यूयॉर्क सिटी के मेयर बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। अगर वह चुन लिए जाते हैं, तो वह न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम मेयर भी बनेंगे।
33 वर्षीय ममदानी ने एक प्रगतिशील एजेंडे के साथ चुनाव लड़ा, जिसमें किराया फ्रीज करना, फ्री बस सेवा देना, यूनिवर्सल चाइल्ड केयर और अमीरों पर ज्यादा टैक्स लगाकर इन योजनाओं को लागू करने की बात शामिल थी। उनके समर्थन में कांग्रेसवुमन एलेक्ज़ान्द्रिया ओकासियो-कोर्टेज़, सीनटर बर्नी सैंडर्स, न्यूयॉर्क वर्किंग फैमिलीज पार्टी और स्टेट अटॉर्नी जनरल लेटिशा जेम्स जैसी बड़ी हस्तियां भी शामिल रहीं।
उनकी लोकप्रियता का एक बड़ा कारण यह भी रहा कि उन्होंने एक “Don’t Rank Cuomo” अभियान के ज़रिए पूर्व गवर्नर कुओमो की राजनीतिक वापसी का खुलकर विरोध किया। बता दें, एंड्रयू कुओमो ने 2021 में यौन उत्पीड़न के आरोपों के चलते गवर्नर पद से इस्तीफा दिया था। अब सभी की निगाहें रैंक्ड चॉइस वोटिंग के अंतिम परिणामों पर टिकी हैं, लेकिन मौजूदा स्थिति में ज़ोहरान ममदानी की जीत लगभग तय मानी जा रही है।





