पाकिस्तान से संपर्क के आरोप में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा 4 दिन की पुलिस रिमांड पर

पाकिस्तानी नागरिक से संपर्क रखने और गोपनीय जानकारी साझा करने के आरोप में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को गुरुवार को हिसार की जिला अदालत ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। हिसार पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि ज्योति मल्होत्रा ने पाकिस्तान का दौरा किया था और वहां के अधिकारियों से मिली थी। पुलिस के मुताबिक, वह पाकिस्तान के सूचना अधिकारियों (PIOs) और कुछ अन्य यूट्यूब इन्फ्लुएंसर्स के संपर्क में थी।
हिसार एसपी शशांक कुमार सवान ने बताया कि ज्योति को एक “एसेट” के तौर पर विकसित किया जा रहा था और वह पाकिस्तान प्रायोजित यात्राओं पर गई थी। बताया गया है कि वह पहलगाम हमले से पहले पाकिस्तान में थी। इस मामले की जांच जारी है कि कहीं उसका इसमें कोई संबंध तो नहीं है।
पुलिस पूछताछ में ज्योति ने बताया कि वह 2023 में पाकिस्तान का वीज़ा लेने दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग गई थी। वहीं उसकी मुलाकात एक शख्स अहसान-उर-रहीम उर्फ़ दानिश से हुई।
इस बीच ओडिशा CID के IGP सार्थक सारंगी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि ज्योति मल्होत्रा पुरी के जगन्नाथ मंदिर गई थी और उसने वहां का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा किया था। उसने चिल्का और कोणार्क भी घूमे थे और एक ओडिशा के यूट्यूबर से भी संपर्क में थी। इन सब तथ्यों की जांच की जा रही है। पुरी पुलिस और हरियाणा पुलिस इस मामले में मिलकर काम कर रही हैं। एसपी अग्रवाल ने कहा कि जांच में राज्य और केंद्र की कई एजेंसियां भी जुड़ी हुई हैं।
ज्योति मल्होत्रा के पिता, हरीश मल्होत्रा ने स्वीकार किया कि उनकी बेटी यूट्यूब वीडियो बनाती है और वह पाकिस्तान भी गई थी। उन्होंने पुलिस द्वारा जब्त किए गए फोन वापस करने की मांग की है।





