कानपुर की ये पिस्टल क्यों है खास? एक बार में दाग सकती है 24 गोलियां!

कानपुर शहर ने हथियार निर्माण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां निजी सेक्टर की पहली पिस्टल ‘मैक्स’ लॉन्च की गई है, जो एक बार में 24 कारतूस दागने में सक्षम है। दावा किया जा रहा है कि यह दुनिया की पहली .32 बोर सेमी ऑटो पिस्टल है, जिसमें मैगजीन में 24 राउंड लोड किए जा सकते हैं। इसकी कीमत ₹1,95,000 रखी गई है।
यह पिस्टल पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से बनी है और IIT कानपुर ने इसके डिजाइन और क्वालिटी में अहम भूमिका निभाई है। कंपनी कैम स्टार डिफेंस का कहना है कि सामान्य पिस्टल में जहां 8 से 10 कारतूस आते हैं, वहीं इस मॉडल में 24 कारतूस लोड हो सकते हैं। इसका वजन लगभग 690 ग्राम और लंबाई 3.7 इंच है। इसे पूरी तरह स्टेनलेस स्टील से तैयार किया गया है, जिससे यह मजबूत और टिकाऊ हो जाती है।
कंपनी के मार्केटिंग हेड अंगद वीर स्याल के मुताबिक, इस पिस्टल में ट्रिपल लॉक सिस्टम दिया गया है, जो इसे बेहद सुरक्षित बनाता है। इसमें मैनुअल लॉक, ग्रिप लॉक और फायरिंग पिन लॉक शामिल हैं। इसका मतलब है कि सुरक्षा लॉक हटाए बिना यह फायर नहीं हो सकती, जिससे हादसों का खतरा कम हो जाता है।
कैम स्टार डिफेंस के निदेशक राजेश भाटिया ने बताया कि कंपनी ने इसके अलावा .30 बोर की 20 कारतूस वाली ‘बोल्ट’ पिस्टल और .45 कैलिबर की 15 शॉट्स वाली पिस्टल भी तैयार की है। फिलहाल उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में इस पिस्टल की जबरदस्त डिमांड है। कई लोग अपनी पुरानी पिस्तौल बदलकर भी यह नया मॉडल खरीद रहे हैं।
कंपनी का दावा है कि पिस्टल का फिनिश इंटरनेशनल क्वालिटी का है और इसका 500 राउंड तक सफल ट्रायल किया गया है। इसके साथ लाइफ टाइम वारंटी भी दी जा रही है। यह उपलब्धि न सिर्फ कानपुर बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है, क्योंकि यह भारत को हथियार निर्माण में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम साबित करती है।





