खेलताज़ा खबरें

जडेजा ने स्टोक्स के ड्रॉ ‘हैंडशेक’ को किया मना, तो गुस्से से लाल हुए इंग्लैंड के कप्तान

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का रोमांचक चौथा टेस्ट मैच एक नाटकीय मोड़ के साथ ड्रॉ हो गया. दरअसल भारतीय बल्लेबाज रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स के मैच के अंतिम घंटे की शुरुआत से पहले ड्रॉ पर सहमति जताने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया. जिसके बाद स्टोक्स ने अपनी नाराजगी जाहिर की और मैदान पर बवाल खड़ा कर दिया.

 

बता दें कि टेस्ट मैच में यह प्रावधान है कि अगर दोनों कप्तानों को लगता है कि मैच का नतीजा आना असंभव है, तो वे हाथ मिलाकर ड्रॉ पर सहमत हो सकते हैं. मैच को ड्रॉ हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने के बाद जडेजा और सुंदर जब क्रमशः 89 और 80 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे तब उन्होंने स्टोक्स के प्रस्ताव को खारिज कर दिया.  इंग्लैंड के कप्तान इसके बाद बेहद नाराज़ हो गए और दोनों के बीच बातचीत हुई.

 

स्टोक्स ने व्यंग्यात्मक लहजे में जडेजा से पूछा, ‘‘क्या आप हैरी ब्रुक के खिलाफ शतक बनाना चाहते हैं?” इस पर जडेजा ने स्टोक्स के इस व्यंग पर मुसकुराते हुए कहा, ‘मैं कुछ नहीं कर सकता’. स्टोक्स ने इसके बाद विरोध के तौर पर हैरी ब्रूक को गेंदबाजी आक्रमण पर लगाया और जडेजा ने उन पर छक्का लगाकर अपना पांचवां टेस्ट शतक पूरा किया. इस दौरान इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने खराब रवैया दिखाते हुए जडेजा और सुंदर को आसान और शॉट गेंद डालना शुरू कर दिया था.

 

इंग्लैंड के कप्तान स्टोक्स के इस रवैये पर गौतम गंभीर ने नाराजगी जाहिर करते हुए रिएक्ट किया है. गंभीर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेन स्टोक्स के ‘हैंडशेक ड्रॉमा’ को लेकर बयान दिया और इंग्लैंड के कप्तान को फटकार भी लगाई. गंभीर ने कहा, अगर कोई 90 और दूसरा 85 रन पर बल्लेबाजी कर रहा है, तो क्या वे शतक के हकदार नहीं हैं? अगर उनके अपने खिलाड़ी इस स्कोर के करीब होते, तो क्या इंग्लैंड मैच छोड़कर चला जाता? नहीं.. हमारे खिलाड़ियों ने तूफान का सामना किया. उन्होंने शतक बनाए. हम यहां किसी को खुश करने नहीं आए हैं.”

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button