‘Wednesday’ सीजन 2 का टीज़र रिलीज, एडम्स फैमिली के राज़ और नए खतरे लेकर लौट रही वेडनेसडे

नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय हॉरर-फैंटेसी थ्रिलर सीरीज़ Wednesday के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद शो के दूसरे सीज़न का टीज़र आखिरकार रिलीज़ कर दिया गया है। टीज़र में एक बार फिर जेना ओर्टेगा अपने चर्चित किरदार ‘वेडनेसडे एडम्स’ में लौटती नजर आ रही हैं।
इस बार कहानी में ट्विस्ट और थ्रिल पहले से कहीं ज्यादा देखने को मिलेगा। सीज़न 2 में वेडनेसडे अपने पुराने ठिकाने ‘नेवरमोर अकैडमी’ में लौट रही है, लेकिन इस बार उसके साथ एडम्स परिवार के बाकी सदस्य भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। टीज़र में गॉथिक गलियारों के बीच नए रहस्यों और खतरों की झलक दी गई है।
टीज़र से साफ है कि इस बार हॉरर का डोज़ और भी ज्यादा होने वाला है। रहस्य, सस्पेंस और फैमिली सीक्रेट्स का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को स्क्रीन से बांधे रखेगा। ‘थिंग’ की वापसी और वेडनेसडे के पुराने दुश्मनों की झलक सीज़न को और रोमांचक बना रही है।
इस बार Wednesday का दूसरा सीज़न दो हिस्सों में रिलीज़ किया जाएगा। पहला हिस्सा जिसमें 4 एपिसोड होंगे, 6 अगस्त 2025 को स्ट्रीम होगा। दूसरा हिस्सा, जिसमें बाकी 3 एपिसोड शामिल होंगे, 3 सितंबर 2025 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ किया जाएगा। पहले सीज़न की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद, शो ने एक कल्ट फॉलोइंग हासिल कर ली थी। ऐसे में दर्शकों की उत्सुकता और उम्मीदें दोनों ही चरम पर हैं।
टीज़र के रिलीज़ को खास बनाते हुए नेटफ्लिक्स इंडिया ने इसे बुधवार के दिन यानी ‘Wednesday’ को लॉन्च किया है, जो शो के टाइटल और थीम के साथ एकदम मेल खाता है।





