भारत

पश्चिम उत्तर प्रदेश में हीट वेव का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

पश्चिम उत्तर प्रदेश में मौसम ने अपना रुख बदल लिया है। आसमान से आग बरसने जैसी स्थिति बन गई है और हीट वेव ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने क्षेत्र में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जो आगामी तीन से चार दिनों तक प्रभावी रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा और दिन के समय गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है। सुबह से ही गर्म हवाओं का असर महसूस किया जा रहा है और दोपहर तक सड़कें वीरान नजर आने लगी हैं। मौसम का यह मिजाज अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा।

मौसम विभाग ने लोगों को हीट वेव से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है। बाहर निकलते समय सिर को ढकने, हल्के कपड़े पहनने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोगों को हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए सतर्क रहने की आवश्यकता है। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यू.पी. शाही ने बताया कि हीट वेव के प्रभाव से तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहेगा। फिलहाल मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है।

पश्चिम यूपी के निवासियों को आने वाले कुछ दिनों तक तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए हर किसी को सतर्क रहना जरूरी है, ताकि गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सके।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button