राजनीति

धर्म नहीं, कर्म देखकर मारेंगे: राजनाथ सिंह का दो टूक बयान

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के दौरे पर पहुंचे। उमरिया गांव स्थित औबेदुल्लागंज के दशहरा मैदान में उन्होंने रेल कोच इकाई का भूमिपूजन किया और एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने बिना नाम लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग भारत की तेज विकास रफ्तार से खुश नहीं हैं और चाहते हैं कि भारतीयों के हाथों से बनी चीजें महंगी हो जाएं, ताकि उनकी अंतरराष्ट्रीय मांग घटे। उन्होंने कहा, “भारत इतनी तेजी से आगे बढ़ रहा है कि अब दुनिया की कोई ताकत हमें एक बड़ी वैश्विक शक्ति बनने से नहीं रोक सकती।”

रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने बताया कि भारत अब 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक के रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है। इसे उन्होंने नए भारत की ताकत और बदलते रक्षा क्षेत्र का प्रमाण बताया। आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आतंकवादी लोगों का धर्म पूछकर हत्या करते हैं, लेकिन भारत ऐसा नहीं करता। उन्होंने कहा, “हम धर्म देखकर नहीं, कर्म देखकर मारते हैं।” इस दौरान उन्होंने रामायण की घटना का उदाहरण देते हुए हनुमान जी के लंका में प्रवेश और युद्ध का प्रसंग सुनाया।

राजनाथ सिंह ने मध्य प्रदेश के विकास की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में इसे ‘मॉडर्न प्रदेश’ के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने बताया कि जिस रेल कोच फैक्ट्री का आज शिलान्यास हुआ है, उसका नाम ‘ब्रह्मा’ रखा गया है, जो सृष्टिकर्ता के नाम पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह इकाई उत्पादन के मामले में नई ऊंचाइयों को छुएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button