ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमने गिराये PAK के 5 फाइटर जेट: वायु सेना प्रमुख

भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने पहली बार आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान वायुसेना के 5 लड़ाकू विमान और एक बड़े AEW&C/ELINT विमान को लंबी दूरी से मार गिराया। उन्होंने इसे “अब तक का सबसे बड़ा सतह से हवा में मार करने वाला ऑपरेशन” बताया, जिसके बारे में वायुसेना खुलकर बात कर सकती है।
एयर चीफ मार्शल सिंह ने कहा, “हमारे पास पांच लड़ाकू विमानों की पुष्टि है और एक बड़ा विमान, जो या तो ELINT या AEW&C हो सकता है, जिसे करीब 300 किलोमीटर की दूरी से निशाना बनाया गया। यह वास्तव में अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड किया गया सतह-से-हवा मार का मामला है, जिस पर हम बात कर सकते हैं।” IAF प्रमुख ने बताया कि पाकिस्तान के अहम एयरबेस पर भी हमले किए गए। “शाहबाज जैकबाबाद एयरफील्ड, जो एक बड़ा एयरबेस है, उस पर हमला हुआ। यहां मौजूद एक F-16 हैंगर का आधा हिस्सा नष्ट हो गया और हमें यकीन है कि अंदर रखे कुछ विमान भी क्षतिग्रस्त हुए।”
” We have at least five fighter kills,” Air Force Chief confirms downing Pak air assets during OP Sindoor
Read @ANI story | https://t.co/IgEQKGUUx3#OperationSindoor #AirChief #PAFfightersshot #AerialCombat pic.twitter.com/kAWzDfj6Pc
— ANI Digital (@ani_digital) August 9, 2025
उन्होंने आगे कहा, “हमने कम से कम दो कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (मुरीद और चकला) को नष्ट किया… कम से कम छह रडार, जिनमें कुछ बड़े और कुछ छोटे थे… हमारे पास इस बात के संकेत हैं कि AEW&C हैंगर में एक AEW&C विमान और कुछ F-16, जो मरम्मत में थे, मौजूद थे।” 300 किलोमीटर की दूरी पर AEW&C विमान को मार गिराना S-400 त्रायम्फ एयर डिफेंस सिस्टम की लंबी मारक क्षमता को दर्शाता है। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के नुकसान — जिसमें लड़ाकू विमान, रडार, कमांड सेंटर और अहम निगरानी साधन शामिल हैं — पाकिस्तान वायुसेना की ऑपरेशनल क्षमता को गंभीर रूप से कमजोर कर सकते हैं।
यह पहला मौका है जब भारतीय वायुसेना के सबसे उच्च पद से ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के नुकसान के पैमाने की आधिकारिक पुष्टि की गई है। इससे पहले तक जानकारियां सिर्फ अनौपचारिक रिपोर्ट्स और सैटेलाइट तस्वीरों पर आधारित थीं।





