उपराष्ट्रपति चुनाव आज, कौन बनेगा देश का 15वां उपराष्ट्रपति?

देश के 15वें उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए आज मंगलवार को अब से कुछ देर बाद वोटिंग होनी है. साथ ही आज ही नतीजे भी घोषित किए जाएंगे. यानी आज पता चल जाएगा कि देश का 15वां उपराष्ट्रपति कौन होगा. चुनाव में आमने-सामने हैं, एनडीए की ओर से सीपी राधाकृष्णन और विपक्ष की ओर से जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी.
बता दें कि 74 साल के जगदीप धनखड़ 14वें उपराष्ट्रपति थे, जो अगस्त 2022 से पद पर थे, लेकिन 10 अगस्त 2027 तक अपना कार्यकाल पूरा करने से पहले ही 21 जुलाई की शाम स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था. इस वजह से पद खाली हुआ और चुनाव हो रहे हैं.
नंबर गेम में NDA आगे
नंबर गेम एनडीए के पक्ष में है, बावजूद इसके चुनाव दिलचस्प बना हुआ है. कुल 782 प्रतिनिधि वोट देने वाले हैं, जिनमें से 420 से ज्यादा वोट एनडीए के पक्ष में दिख रहे हैं, जबकि इंडिया ब्लॉक के पास 312 वोट. चुनाव में शामिल नहीं होने के ऐलान के चलते 48 वोट ऐसे हैं, जो दोनों में से किसी के पक्ष में नहीं है.
मतदान संसद भवन में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा और मतगणना शाम 6 बजे शुरू होगी. परिणाम देर शाम तक आने की उम्मीद है. अन्य चुनावों में जहां सांसदों को पार्टी के व्हिप का पालन करना होता है, जबकि उपराष्ट्रपति पद का चुनाव गुप्त मतदान द्वारा होता है और सदस्यों को निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता नहीं होती.





