कानपुर में ट्रेन को डिरेल करने की साजिश, रेलवे ट्रैक से गैस सिलेंडर सहित पेट्रोल बम बरामद

कानपुर में ट्रेन को डिरेल करने की साजिश, रेलवे ट्रैक से गैस सिलेंडर सहित पेट्रोल बम बरामद
भारत में लगातार हो रहे ट्रेन हादसों के बीच कानपुर से एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। यहाँ शिवराजपुर – प्रयागराज से भिवानी को जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस को मुडेरी गांव के पास क्रॉसिंग संख्या 43c पर 20 मिनट तक खड़ा रखा गया। जानकारी के मुताबिक बर्राजपुर और बिल्हौर के बीच ट्रेन पलटाने की नाकाम साजिश की गई, जहां रेलवे ट्रैक पर सिलेंडर के साथ पेट्रोल बम बरामद किए गए हैं। गनीमत रही कि लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया।
ट्रेन की स्पीड ज़्यादा थी, जिसकी वजह से ट्रेन को रोकते–रोकते ट्रेन सिलेंडर से जा टकराई। इसके चलते बहुत जोर सी आवाज आई। लेकिन गनीमत रही की किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। इसके बाद ट्रेन के ड्राइवर ने आरपीएफ को सूचना दी. मामले की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
शुरुआती जांच में पता चला है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक बैग और तरल पदार्थ भरी बोतल मौजूद थी जिसमें बाती लगी हुई थी। वहीं, मौके से ही बारूद जैसे दिखने वाले पदार्थ के तीन पैकेट भी मिले हैं। साथ ही मौके की घास दबी हुई थी और मोमबत्ती व माचिस भी मिली है। ऐसे में आशंका है कि बोतल में भरे ज्वलनशील पदार्थ को घटना को और बड़ा बनाने के लिए उपयोग करने की तैयारी थी। हालांकि साजिशकर्ता एक थे या कई, इसपर स्थिति साफ नहीं है
बता दें कि लगातार कुछ ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहां पर ट्रेन की पटरी पर कुछ संदिग्ध वस्तु रखा हुआ मिल रहा है. जिससे की लोको पायलट को इमरजेंसी ब्रेक लगाना पड़ रहा है और कई मामलों में ट्रेन डीरेल भी हो चुकी है. भले ही यह हादसा टल गया हो लेकिन खतरा अभी भी बना हुआ है. एसीपी हरीश चंदेर ने कहा कि रविवार रात को करीब साढ़े 8 बजे एक ट्रेन जो प्रयागराज से भिवानी की तरफ जा रही थी, उस ट्रेन के ड्राइवर को रेलवे ट्रैक पर एक सिलेंडर दिखा. जिसकी सूचना रेलवे अथॉरिटी को दी गई. मौके पर उच्च अधिकारी और फॉरेंसिंक टीम भी पहुंची.





