केंद्रीय बजट: आज हलवा समारोह आयोजित करेगा वित्त मंत्रालय

वर्ष 2025-26 के पूर्ण बजट के लिए बजट तैयार करने की प्रक्रिया के अंतिम चरण को चिन्हित करने वाला पारंपरिक हलवा समारोह शुक्रवार शाम को नॉर्थ ब्लॉक में आयोजित किय जाएगा. परंपरा के अनुसार, इस समारोह की अगुवाई वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करेंगी, जिसमें राज्य मंत्री पंकज चौधरी और सचिव मौजूद रहेंगे. इस अवसर पर बजट तैयार करने और संकलन प्रक्रिया में शामिल अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे.
बजट तैयार करने की “लॉक-इन” प्रक्रिया शुरू होने से पहले हर साल पारंपरिक हलवा समारोह आयोजित किया जाता है. हलवा समारोह नॉर्थ ब्लॉक में एक बड़ी कड़ाही में भारतीय मिठाई तैयार करने की एक रस्म है.
वित्त मंत्री औपचारिक रूप से कड़ाही को हिलाते हैं और आम तौर पर बजट बनाने की प्रक्रिया में शामिल सभई लोगों को हलवा परोसते हैं. यह परंपरा वित्त मंत्रालय के सभी अधिकारियों की कड़ी मेहनत को मान्यता देने का एक तरीका भी है. हलवा समारोह संसद में प्रस्तुति से पहले सभी बजट दस्तावेजों को प्रिंट करने की प्रक्रिया की शुरुआत करता है.
हलवा समारोह एक महत्वपूर्ण घटना है क्योंकि यह वित्त मंत्रालय में लॉकडाउन की शुरुआत का भी प्रतीक है. इसका मतलब है कि किसी भी अधिकारी को मंत्रालय परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं है.





