यूक्रेन नाटो में नहीं होगा शामिल: ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेन नाटो में शामिल नहीं हो सकता और अगर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की चाहें तो रूस के साथ चल रहा युद्ध तुरंत खत्म किया जा सकता है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि जेलेंस्की के पास दो विकल्प हैं—या तो वह युद्ध को खत्म करें या फिर लड़ाई जारी रखें। ट्रंप ने याद दिलाया कि क्रीमिया पर कब्ज़ा ओबामा कार्यकाल के दौरान हुआ था और बिना एक भी गोली चले वह रूस के पास चला गया। उन्होंने कहा कि नाटो में यूक्रेन की सदस्यता का सवाल हमेशा से जटिल रहा है और इस पर स्थिति में ज्यादा बदलाव नहीं आया है।
ट्रंप का यह बयान उस वक्त आया है जब आज वॉशिंगटन में अमेरिका, यूक्रेन और यूरोपीय नेताओं की अहम बैठक होने जा रही है। इस मीटिंग में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, नाटो महासचिव मार्क रूटे, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर भी शामिल होंगे।
15 अगस्त को अलास्का में ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात हुई थी। ट्रंप ने कहा था कि यह बैठक युद्धविराम लाने में बहुत प्रभावी नहीं रही, लेकिन पुतिन शांति वार्ता के लिए तैयार हैं। अब यह निर्णय जेलेंस्की को लेना होगा। व्हाइट हाउस के मुताबिक, अलास्का से लौटते समय ट्रंप ने जेलेंस्की के साथ भी लंबी चर्चा की और नाटो नेताओं से भी संपर्क साधा।
ट्रंप और जेलेंस्की की आखिरी मुलाकात इस साल जून में नाटो समिट में हुई थी। इससे पहले फरवरी में वॉशिंगटन यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच खुली बैठक में तीखी बहस हुई थी। ट्रंप ने उस समय जेलेंस्की पर अमेरिका का अनादर करने और शांति समझौते की कोशिशों को नकारने का आरोप लगाया था।





