विदेश

वाशिंगटन डीसी में ट्रंप का कड़ा कदम; फेडरल कंट्रोल और नेशनल गार्ड की तैनाती

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ऐलान किया कि उन्होंने वॉशिंगटन डीसी की मेट्रोपॉलिटन पुलिस को संघीय नियंत्रण (फेडरल कंट्रोल) में ले लिया है और राजधानी में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए नेशनल गार्ड तैनात कर रहे हैं। व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा, “मैं आधिकारिक तौर पर डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया होम रूल एक्ट की धारा 740 लागू कर रहा हूं और डीसी मेट्रोपॉलिटन पुलिस को सीधे फेडरल कंट्रोल में ले रहा हूं। यह डीसी की ‘लिबरेशन डे’ है और हम अपनी राजधानी वापस ले रहे हैं।”

राष्ट्रपति ने कहा कि यह कदम उस स्थिति के जवाब में उठाया गया है जो “काबू से बाहर” हो गई थी, लेकिन अब इसे जल्दी ही नियंत्रण में लाया जाएगा। उन्होंने कहा, “मैं नेशनल गार्ड को तैनात कर रहा हूं ताकि वॉशिंगटन डीसी में कानून, व्यवस्था और सुरक्षा फिर से स्थापित की जा सके, और उन्हें अपना काम सही तरीके से करने दिया जाएगा।” यह फैसला ऐसे समय आया है जब ट्रंप ने रविवार को कहा था कि बेघर लोगों को वॉशिंगटन से “दूर” ले जाया जाना चाहिए। स्थानीय गैर-लाभकारी संगठन कम्युनिटी पार्टनरशिप के अनुसार, शहर में करीब 3,782 लोग बेघर हैं, जिनमें से लगभग 800 लोग सड़कों पर रहते हैं।

इससे पहले, व्हाइट हाउस ने पुष्टि की थी कि शुक्रवार को डीसी में अतिरिक्त फेडरल सुरक्षा बल भेजे गए थे, जब एक युवा प्रशासनिक अधिकारी पर हमला हुआ था। शनिवार को फेडरल एजेंट्स ने बिना लाइसेंस पिस्टल रखने, निलंबित लाइसेंस के साथ गाड़ी चलाने और अवैध डर्ट बाइक चलाने जैसे मामलों में कार्रवाई की। फिलहाल, करीब 450 फेडरल अफसर शहर में तैनात हैं। ट्रंप पहले भी यह दावा कर चुके हैं कि वॉशिंगटन में अपराध बढ़ रहा है, हालांकि आधिकारिक आंकड़े कुछ और बताते हैं। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के मुताबिक, 2024 में हत्या के मामलों में 2023 के मुकाबले 32% की गिरावट आई है और कुल हिंसक अपराधों में भी 35% की कमी दर्ज हुई है।

ट्रंप का यह कदम कुछ हफ्ते बाद आया है जब उन्होंने लॉस एंजेलिस में इमिग्रेशन छापों के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों को रोकने के लिए कैलिफोर्निया की मिलिट्री रिजर्व फोर्स तैनात की थी, जबकि स्थानीय नेताओं और पुलिस ने इसका विरोध किया था। राष्ट्रपति ट्रंप पहले भी कई बार कह चुके हैं कि वह अमेरिका के बड़े शहरों में सेना का इस्तेमाल कर सकते हैं, खासकर उन शहरों में जो डेमोक्रेटिक पार्टी के नियंत्रण में हैं और उनकी राष्ट्रवादी नीतियों से असहमत हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button