ट्रंप बोले – मोदी किलर हैं, लेकिन बेहद स्मार्ट और सख्त नेता! भारत के साथ व्यापार समझौते का फिर किया दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार, 29 अक्टूबर को एक बार फिर भारत के साथ व्यापार समझौते को लेकर बड़ा बयान दिया. एशिया दौरे पर निकले ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के ग्योंगजू में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) के CEO लंच के दौरान कहा कि वह भारत के साथ एक “ट्रेड डील” पर काम कर रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें “सबसे अच्छे दिखने वाले व्यक्ति” बताया और कहा कि “मोदी ऐसे किलर हैं जो बेहद सख्त (टफ ऐज़ हेल)” हैं.
ट्रंप ने अपने भाषण में मई में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए तनाव को लेकर भी विवादित दावा दोहराया. उन्होंने कहा कि उनके हस्तक्षेप से परमाणु हथियारों से लैस दोनों देशों के बीच युद्ध टल सका. ट्रंप के अनुसार, उस समय “सात विमानों को मार गिराया गया था” और उन्होंने व्यक्तिगत रूप से पीएम मोदी और पाकिस्तान के नेतृत्व से फोन पर बात कर दोनों देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिश की थी.
ट्रंप ने बताया, “मैंने भारत के प्रधानमंत्री से कहा कि हम आपके साथ व्यापार समझौता नहीं कर सकते क्योंकि आप पाकिस्तान के साथ युद्ध की स्थिति में हैं. उन्होंने जवाब दिया – नहीं, नहीं, हमें व्यापार समझौता करना ही होगा. फिर मैंने पाकिस्तान को फोन किया और कहा कि हम आपके साथ भी व्यापार नहीं कर सकते क्योंकि आप भारत से लड़ रहे हैं. उन्होंने भी कहा – नहीं, नहीं, आपको हमें लड़ने देना चाहिए.”
ट्रंप ने कहा कि मोदी और पाकिस्तान के नेता दोनों ही “मजबूत लोग” हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा, “मोदी वैसे दिखते हैं जैसे आप किसी पिता को देखना चाहें. लेकिन वो एक किलर हैं, बेहद सख्त इंसान.”
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि उनके और पीएम मोदी के बीच बेहद अच्छे संबंध हैं और वह भारत के साथ व्यापार समझौते को लेकर आशावादी हैं. उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की भी तारीफ करते हुए कहा, “वो एक महान व्यक्ति हैं. उनके पास एक फील्ड मार्शल है, और मैं जानता हूं कि वह क्यों हैं – क्योंकि वे एक महान सेनानी हैं.”
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक संबंधों को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं. वहीं, मोदी को लेकर उनकी टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है.





