ट्रोलिंग, विवाद और टूटे हौसले… फिर भी ‘Still Alive’, समय रैना का इमोशनल कमबैक

स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर चर्चा में हैं। उनका नया कॉमेडी स्पेशल ‘Still Alive’ अब यूट्यूब पर रिलीज हो चुका है। करीब 1 घंटे 21 मिनट के इस शो में समय ने अपने मजेदार अंदाज के साथ-साथ अपनी जिंदगी के कुछ मुश्किल अनुभव भी साझा किए हैं।
इस स्पेशल में समय रैना ने अपने बचपन के उस दौर के बारे में बताया, जब उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कश्मीर से हैदराबाद शिफ्ट होने के बाद स्कूल में उन्हें काफी बुली किया गया। पहले ही दिन उनके साथ मारपीट हुई और वह खुद को वहां फिट नहीं कर पा रहे थे।
समय ने कहा, “मैं वहां के बच्चों से अलग दिखता था, इसलिए मुझे सालों तक परेशान किया गया। मेरे साथ रेसिज्म हुआ है।” उन्होंने आगे कहा कि भेदभाव सिर्फ रंग के आधार पर नहीं होता, बल्कि जो व्यक्ति दूसरों से अलग होता है, उसे भी निशाना बनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि स्कूल के दौरान बच्चे उनका खाना छीन लेते थे, किताबें फाड़ देते थे और सबके सामने उनका मजाक उड़ाते थे। इन सब चीजों का उनके आत्मविश्वास पर बुरा असर पड़ा और स्कूल जाना उनके लिए डर जैसा हो गया था।
समय ने अपने पिता से जुड़ा एक भावुक किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि जब उनके पिता उन्हें लेने मारुति 800 कार में आते थे, तो उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती थी और वह उनसे थोड़ा दूर गाड़ी खड़ी करने को कहते थे, ताकि कोई उनका मजाक न बनाए।
‘India’s Got Latent’ विवाद पर भी बोले समय रैना
अपने शो में समय रैना ने ‘India’s Got Latent’ विवाद पर भी खुलकर बात की। यह विवाद एक मजाक को लेकर हुआ था, जिसमें यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया भी शामिल थे। इस मामले में काफी आलोचना हुई और शो के आयोजकों, जिनमें समय भी शामिल थे, के खिलाफ कई FIR दर्ज की गईं। बाद में शो के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए गए।
समय ने बताया कि इस पूरे विवाद का उन पर काफी मानसिक असर पड़ा। उन्होंने कहा कि वह खुद को दोषी महसूस कर रहे थे, क्योंकि शो के अन्य लोगों को भी काफी आलोचना झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा, “एक छोटे से मजाक के लिए इतना बड़ा मुद्दा बना दिया गया, यह मेरे लिए हैरान करने वाला था।”
इस नए स्पेशल के जरिए समय रैना ने जहां लोगों को हंसाया, वहीं अपनी जिंदगी के संघर्ष और भावनात्मक पहलुओं को भी सामने रखा, जिसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।





