रजनीकांत की फिल्म ‘कुली’ का ट्रेलर हुआ रिलीज, 10 मिनट में मिले 1 मिलियन व्यूज

साउथ के मेगास्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कुली’ का ट्रेलर शनिवार को रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। महज 10 मिनट में ट्रेलर को 1 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इससे साफ है कि दर्शकों में फिल्म को लेकर गजब का उत्साह है। ट्रेलर में रजनीकांत का वही पुराना दमदार अंदाज नजर आया है, जो उनके फैंस को हमेशा पसंद आता है। फिल्म को लेकर पहले से ही क्रेज बना हुआ था, जिसे ट्रेलर ने और भी बढ़ा दिया है।
फिल्म एक एक्शन थ्रिलर है और ट्रेलर में इसके जबरदस्त एक्शन सीन्स की झलक भी देखने को मिली है। यही वजह है कि सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया है। यानी फिल्म में काफी हाई वोल्टेज एक्शन और इंटेंस सीक्वेंस मौजूद हैं। ‘कुली’ को साउथ के साथ-साथ नॉर्थ इंडिया में भी लेकर काफी चर्चा हो रही है। इस फिल्म में बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान का कैमियो रोल है। आमिर खान ट्रेलर लॉन्च इवेंट में भी नजर आए, जिससे फिल्म को लेकर और भी हाइप बन गई है।
इस फिल्म का निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया है, जो पहले भी एक्शन फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। ‘कुली’ में रजनीकांत और आमिर खान के अलावा नागार्जुन, श्रुति हासन, सैबिन शाहीर और सत्यराज भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी दिन यानी 14 अगस्त को ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की फिल्म ‘वॉर 2’ भी रिलीज हो रही है। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। एक ओर जहां ‘वॉर 2’ में साउथ स्टार जूनियर एनटीआर नजर आएंगे, वहीं ‘कुली’ में बॉलीवुड के आमिर खान दिखाई देंगे। इस दिलचस्प क्लैश को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।





