मनोरंजन

‘ग्राम चिकित्सालय’ का ट्रेलर रिलीज, अमोल पराशर और विनय पाठक की जबरदस्त केमिस्ट्री ने जीता दिल

प्राइम वीडियो ने अपनी बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘ग्राम चिकित्सालय’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। सोशल मीडिया पर जारी किए गए इस ट्रेलर में अमोल पराशर और विनय पाठक मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। अमोल पराशर जहां सरकारी डॉक्टर की भूमिका निभा रहे हैं, वहीं विनय पाठक एक झोलाछाप डॉक्टर के किरदार में दिखे हैं। ट्रेलर को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर शानदार प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

ट्रेलर में विनय पाठक का किरदार इंटरनेट पर सर्च कर इलाज करता नजर आता है। एक महिला मरीज जब उनके पास आती है तो वह गूगल से इलाज ढूंढकर उसे दवा दे देते हैं। इसके बाद अमोल पराशर का परिचय कराया जाता है, जो गांव के नए सरकारी डॉक्टर के रूप में ग्राम चिकित्सालय में आते हैं और लोगों से कहते हैं, “कोई भी बीमारी हो, आप हमारे पास आएं।”

आगे ट्रेलर में दिखाया गया है कि अमोल पराशर घर-घर जाकर लोगों से पूछते हैं कि किसी को कोई बीमारी है या नहीं। लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद कोई भी मरीज उनके चिकित्सालय नहीं आता। इसके उलट झोलाछाप डॉक्टर के पास मरीजों की भीड़ लगी रहती है। धीरे-धीरे गांव के लोग भी सरकारी डॉक्टर के खिलाफ हो जाते हैं। ट्रेलर गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और लोगों की सोच को बड़े ही दिलचस्प तरीके से पेश करता है।

ट्रेलर के रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी हैं। प्राइम वीडियो ने कैप्शन में लिखा, “स्वागत है भितकंडी के चिकित्सालय में, जहां मिलेगा हंसी का डोज और ढेर सारा ड्रामा।” एक यूजर ने लिखा, “लव यू अमोल भैया,” तो दूसरे ने कहा, “यह ट्रेलर बहुत मजेदार है।”

गौरतलब है कि ‘ग्राम चिकित्सालय’ का निर्माण लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के मेकर्स ने किया है। कुछ समय पहले इस सीरीज का पोस्टर भी जारी किया गया था, जिसमें अमोल पराशर और विनय पाठक को प्रमुखता से दिखाया गया था। ‘ग्राम चिकित्सालय’ 9 मई को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button