बैतडी में भीषण सड़क हादसा: 13 लोगों की मौत, 34 घायल

भारतीय सीमा से सटे नेपाल के बैतडी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। बैतडी से बजांग जा रही एक बरात की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 13 बरातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा गुरुवार देर रात उस वक्त हुआ, जब बैतडी के पुरचुंणी नगरपालिका-7 स्थित भवने गांव से दुल्हन लेकर बस बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ के पास बस चढ़ाई के दौरान नियंत्रण खो बैठी और करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता एवं प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार, हादसे के बाद रात के समय ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दुर्घटना में छह बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच की मौत डडेलधुरा अस्पताल और दो की कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। हादसे में मरने वालों में एक 13 वर्षीय किशोर भी शामिल है। मृतकों में बजांग और बैतडी जिलों के निवासी शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बस में क्षमता से अधिक बराती सवार थे। चढ़ाई के दौरान बस आगे नहीं बढ़ पाई और पीछे की ओर फिसलते हुए खाई में गिर गई। हादसे में घायल 25 बरातियों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनगढी रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है।





