तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद वाले लड्डू में मिली जानवरों की चर्बी, लैब रिपोर्ट में हुई पुष्टि

तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद वाले लड्डू में मिली जानवरों की चर्बी, लैब रिपोर्ट में हुई पुष्टि
विश्व प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी में मिलने वाले प्रसाद के लड्डुओं को लेकर बड़ी खबर सामने आयी है। यहाँ तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर के प्रसाद में पशुओं की चर्बी के इस्तेमाल की पुष्टि हो गई है। एक लैब रिपोर्ट ने भी इस बात की पुष्टि की है कि लड्डू में मिलावट की गई थी।
लैब रिपोर्ट में सामने आयी यह बात
इस लैब रिपोर्ट सामने आने के बाद टीडीपी प्रवक्ता अनम वेंकट रमण रेड्डी ने गुरुवार को कहा, “गुजरात में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड को परीक्षण के लिए भेजे गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट प्रमाणित करती है कि घी की तैयारी में गोमांस की चर्बी, पशु वसा, चरबी और मछली के तेल का उपयोग किया गया था, जो तिरुमाला को आपूर्ति की गई थी। गुजरात के राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के पशुधन और खाद्य विश्लेषण और अध्ययन केंद्र या CALF की प्रयोगशाला की रिपोर्ट से पता चला है कि वाईएसआरसीपी के सत्ता में रहने के दौरान प्रसिद्ध तिरुपति लड्डू बनाने के लिए इस्तेमाल किए गए घी में पशु वसा की मौजूदगी थी।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा-
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को आरोप लगाया था कि पिछली वाईएसआरसीपी सरकार ने पवित्र मिठाई तिरुपति लड्डू बनाने में घटिया सामग्री और पशु चर्बी का इस्तेमाल किया था। सीएम नायडू ने कहा कि प्रसाद की पवित्रता का पूरा ध्यान रखते हुए, अब शुद्ध घी इस्तेमाल किया जा रहा है। श्रद्धालु भी इस कार्रवाई से संतुष्ट हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस सिलसिले में और भी जांच की जा रही है। घटना से जुड़े सुबूत जुटाए जा रहे हैं। इस अनियमियता में जो भी शामिल पाया गया, उसके खिलाफ कठोर एक्शन लिया जाएगा।
बीजेपी ने भी किया विरोध
लैब रिपोर्ट आने के बाद बीजेपी और टीडीपी ने पूर्व सीएम जगनमोहन रेड्डी की आलोचना की है। बीजेपी नेता बंदी संजय कुमार ने कहा कि हिंदुओं के साथ इस बड़े विश्वासघात के लिए भगवान माफ नहीं करेंगे। लड्डू में जानवरों की चर्बी का इस्तेमाल किया जाना तिरुमाला वेंकटेश्वर स्वामी की पूजा करने वाले हिंदुओं की आस्था और विश्वास के साथ गहरा विश्वासघात है।





