खेल

आखिरी सांस तक रोमांच… 6 रन से भारत ने अपने नाम किया आखरी टेस्ट

4 अगस्त 2025 को ओवल के ऐतिहासिक मैदान पर भारत ने इंग्लैंड को 6 रन से हराकर पांच मैचों की तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी टेस्ट सीरीज़ 2-2 से ड्रॉ करा ली। यह मुकाबला न सिर्फ स्कोर के लिहाज़ से, बल्कि रोमांच, दबाव और जज़्बे के स्तर पर भी ऐतिहासिक बन गया। इंग्लैंड को अंतिम टेस्ट में 374 रनों का लक्ष्य मिला था, जो इस मैदान पर उनका सबसे बड़ा लक्ष्य होता। लेकिन भारत ने धैर्य, योजना और साहस का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इस लक्ष्य का बचाव किया और आखिरी दिन इंग्लैंड को मात्र 6 रन से रोककर सीरीज़ बराबर की।

चौथे दिन तक इंग्लैंड मज़बूत स्थिति में पहुंच चुका था। जो रूट और हैरी ब्रुक की 195 रनों की साझेदारी ने भारत की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। हैरी ब्रुक ने 111 और रूट ने 105 रनों की शानदार पारियां खेलीं। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड 339 रन पर छह विकेट खो चुका था और जीत के लिए उसे केवल 35 रन और चाहिए थे। भारतीय खेमे में तनाव था, लेकिन आखिरी दिन का खेल जब शुरू हुआ तो तस्वीर कुछ और ही बन गई।

भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने नई गेंद से जबरदस्त शुरुआत की। सिराज की तेज़ और सटीक गेंदबाज़ी ने इंग्लैंड के निचले क्रम को जड़ से हिला दिया। प्रसिद्ध कृष्णा ने निर्णायक क्षण में जो रूट का विकेट चटकाया, जो इस रनचेज़ की रीढ़ थे। इसके बाद इंग्लैंड के आखिरी चार विकेट मात्र 36 रनों के भीतर गिर गए और भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस रोमांचक मैच का एक और भावुक क्षण था जब चोटिल क्रिस वोक्स, जिनका कंधा मैच के दौरान डिसलोकेट हो गया था, एक हाथ में पट्टी बांधकर बल्लेबाजी करने मैदान पर लौटे। उन्होंने अंतिम खिलाड़ी गस एटकिंसन के साथ संघर्ष करते हुए इंग्लैंड की उम्मीदें ज़िंदा रखीं। लेकिन सिराज की गेंदबाज़ी के आगे एटकिंसन अधिक देर नहीं टिक सके और जैसे ही उनका विकेट गिरा, पूरे भारतीय डगआउट में जश्न का तूफान आ गया।

भारत की जीत की नींव उनकी दूसरी पारी में रखी गई थी, जब टीम ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड के सामने 374 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा। यशस्वी जायसवाल ने नाबाद 118 रनों की क्लासिकल पारी खेली। नाइटवॉचमैन के तौर पर आए तेज गेंदबाज़ आकाश दीप ने जबरदस्त जुझारूपन दिखाते हुए 66 रन बनाए, जिसने इंग्लैंड को चौंका दिया। इसके अलावा रविंद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने भी अर्धशतक जमाए और भारत को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया। रविंद्र जडेजा ने इस पारी के साथ टेस्ट क्रिकेट में एक नया इतिहास भी रचा—वे अब विदेशों में नंबर 6 पर सबसे अधिक औसत से रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं, उन्होंने इस दौरान सर गैरी सोबर्स और विराट कोहली जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button