भारत

शिमला के बोर्डिंग स्कूल के तीन छात्र लापता, अपहरण की आशंका

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के मशहूर बिशप कॉटन स्कूल (Bishop Cotton School) के तीन नाबालिग छात्र शनिवार को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। यह स्कूल एशिया के सबसे पुराने और नामी बॉयज़ बोर्डिंग स्कूलों में से एक है, जिसकी स्थापना 1859 में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, लापता छात्रों में से एक पंजाब के मोहाली का रहने वाला है और एक मंत्री का रिश्तेदार है। दूसरा छात्र हरियाणा के करनाल के एक बड़े कारोबारी परिवार से है, जबकि तीसरा छात्र हिमाचल के कुल्लू का निवासी है। ये तीनों छात्र कक्षा 6 में पढ़ते हैं।

हर शनिवार को स्कूल के छात्र आउटिंग पर जाते हैं। इसी दौरान तीनों छात्र मॉल रोड पर खरीदारी करने गए थे। बाकी सभी छात्र समय पर स्कूल लौट आए, लेकिन ये तीन नहीं लौटे। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीनों को शहर के अलग-अलग इलाकों में देखा गया, लेकिन कुछ समय बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला।

शिमला के एसएसपी संजीव गांधी ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। दिल्ली और हरियाणा पुलिस से भी मदद मांगी गई है। शिमला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर शोगी के पास आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस ने अपहरण की आशंका से भी इनकार नहीं किया है।

स्कूल प्रबंधन ने तीनों छात्रों के गुमशुदा होने की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। इस घटना के बाद बोर्डिंग स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button