अमेरिका ने भारत को दी 77वें गणतंत्र दिवस की बधाई, ट्रंप ने बताया ‘ऐतिहासिक रिश्ता’

भारत ने सोमवार को अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मनाया। इसी मौके पर अमेरिका की ओर से भारत को शुभकामनाएं दी गईं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को लेकर बड़ा बयान देते हुए दोनों देशों को दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्र बताया।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने संदेश में कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका के लोगों की ओर से मैं भारत सरकार और भारत की जनता को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। अमेरिका और भारत के बीच दुनिया के सबसे पुराने और सबसे बड़े लोकतंत्रों के रूप में एक ऐतिहासिक रिश्ता है।” ट्रंप का यह संदेश भारत में अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया।
“On behalf of the people of the United States, I extend my heartfelt congratulations to the government and people of India as you celebrate your 77th Republic Day. The United States and India share a historic bond as the world’s oldest and largest democracies.” – President… pic.twitter.com/oC9x3Qs9y3
— U.S. Embassy India (@USAndIndia) January 26, 2026
इससे पहले, अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने को अपने लिए सम्मान की बात बताया। सर्जियो गोर ने कहा कि भारतीय आसमान में उड़ते अमेरिकी निर्मित विमानों को देखना अमेरिका-भारत के मजबूत होते रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक है।
राजदूत सर्जियो गोर ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “हैप्पी रिपब्लिक डे, इंडिया! पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह भारत के संविधान और लोकतांत्रिक भावना का उत्सव है। भारतीय आसमान में अमेरिकी विमान देखना अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी की मजबूती का शक्तिशाली संकेत है।”
Happy Republic Day, India! Honored to attend the Republic Day Parade for the first time, a celebration of India’s Constitution and democratic spirit. Thrilled to see the U.S.-made aircraft soaring in the Indian sky, a powerful symbol of the strength of the U.S.-India strategic…
— Ambassador Sergio Gor (@USAmbIndia) January 26, 2026
हालांकि, पिछले एक साल में भारत और अमेरिका के रिश्तों में कुछ उतार-चढ़ाव भी देखने को मिले हैं। खासतौर पर डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारतीय उत्पादों पर लगाए गए टैरिफ और रूस से तेल खरीद को लेकर भारत पर अतिरिक्त शुल्क बढ़ाने की धमकियों के कारण दोनों देशों के संबंधों में तनाव रहा है। इसके बावजूद, दोनों देश लोकतांत्रिक मूल्यों और रणनीतिक सहयोग के जरिए अपने रिश्तों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।





